बॉलीवुड फिल्मों में कुछ ऐसे गाने बने हैं, जो वक्त के साथ पुराने नहीं हुए, बल्कि समय के साथ वो लोगों के दिलों में अपनी अलग और खास जगह बना ली. आज हम एक ऐसे ही गाने की बात करेंगे जो साल 1967 में आई देव आनंद की फिल्म 'ज्वेल थीफ' का है. गाने के बोल थे 'होंठों में ऐसी बात, मैं दबाकर चली आई'. इस गाने में वैजयंतीमाला ने अपने डांस और अदाओं से ऐसा समना बांधा कि 59 साल बाद भी इस गाने पर लड़कियां डांस करती हैं. स्कूल और कॉलेज के फंक्शन से लेकर के घरों में होने वाले प्रोग्रॉम में भी इस पर खूब डांस परफॉर्म किए जाते हैं. ये गाना आझ भी शानदार डांस नंबर्स में गिना जाता है. लेकिन इस गाने की शूटिंग और रिहर्सल को लेकर के एक किस्सा काफी दिलचस्प है. महज 15 मिनट की प्रैक्टिस और फिर कैमरे के सामने वैजयंतीमाला ने ऐसा डांस परफॉर्म किया, जिसे देखकर हर कोई हैरान हो गया था.
रिहर्सल को लेकर हुआ था मतभेद
फिल्म के डायरेक्टर विजय आनंद थे और वो चाहते थे कि वैजयंतीमाला इस गाने के लिए अच्छे से प्रैक्टिस करें. लेकिन एक्ट्रेस ने इसकी रिहर्सल में ज्यादा समय नहीं दिया. उन्होंने कोरियोग्रॉफर असिस्टेंट सरोज खान के साथ महज 15 मिनट की प्रैक्टिस ही की थी. हालांकि गाने की कोरियोग्रॉफी मास्टर सोहनलाल ने की थी. लेकिन सरोज खान उनकी असिस्टेंट थी इसलिए वैजयंतीमाला को ये डांस तैयार कराना उनका ही काम था. लेकिन वैजयंतीमाला ने 15 मिनट की रिहर्सल कर के इस गाने में ऐसी जान डाली की आज भी इस डांस को उनकी खास परफॉर्मेंस में याद किया जाता है.
क्या थी फिल्म की कहानी
गाना 'होंठों में ऐसी बात' महज एक डांस नंबर नहीं था, बल्कि ये फिल्म की कहानी का भी एक हिस्सा था. फिल्म के डायरेक्टर विजय आनंद ने इसे क्लाइमैक्स से ठीक पहले रखा था. फिल्म में उस वक्त देव आनंद ऐसी सिचुएशन में फंस जाते हैं, जहां पर उनकी पहचान और असली चोर की पहचान को लेकर सस्पेंस बना रहता है. गंगटोक में शाही समारोह के दौरान होने वाली डांस परफॉर्मेंस इसी कहानी को आगे बढ़ाती है. इस गाने में वैजयंतीमाला के साथ देव आनंद और कई बैकग्राउंड डांसर्स भी नजर आए थे.
ये भी पढ़ें: 30 साल पुराना गाना, 29 साल के गोविंदा की आवाज और बप्पी लाहिड़ी का म्यूजिक, 90s के इस गाने ने मचाई थी धूम
देव आनंद, अशोक कुमार और तनुजा की थी फिल्म
फिल्म 'ज्वेल थीफ' का डायरेक्शन विजय आनंद ने किया था, जबकि फिल्म को देव आनंद ने ही प्रोड्यूस किया था. फिल्म में देव आनंद, वैजयंतीमाला, अशोक कुमार, तनुजा, हेलेन और अंजू महेंद्रू जैसे कलाकारों ने अभिनय किया था. फिल्म का संगीत एस.डी. बर्मन ने तैयार किया था और गाने के बोल मजरूह सुल्तानपुरी ने लिखे थे. फिल्म के डांस नंबर की बात करें तो 'होंठों में ऐसी बात' गाने को लता मंगेशकर और भूपिंदर सिंह ने गाया था. फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर भी कमाल किया था. आज भी इस गाने के बोल और वैजयंतीमाला का डांस इसकी धुन को आज भी यादगार बनाए हुए है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं