हिंदी सिनेमा के इतिहास में कई गाने ऐसे हैं, जिनकी धुन, आवाज और बोल लोगों के दिल में हमेशा के लिए बस जाते हैं. लेकिन कभी-कभी किसी गीत की रिकॉर्डिंग के दौरान हुई छोटी-सी गलती भी उसी गाने की पहचान बन जाती है. ऐसा ही एक दिलचस्प किस्सा 1970 के दशक की एक मशहूर फिल्म से जुड़ा है. गीतकार के लिखे शब्द कुछ और थे, मगर रिकॉर्डिंग के दौरान महान सिंगर से एक शब्द बदल गया. हैरानी की बात यह है कि म्यूजिक डायरेक्टर और गीतकार ने भी उस गलती को सुधारने के बजाय उसे ऐसे ही रहने दिया. और यही गाना बाद में जबरदस्त हिट साबित हुआ. यह गाना था 'आपकी आंखों में कुछ.'
'जब हिले' की जगह गा दिया 'लब हिले'
फिल्म 'घर' के इस रोमांटिक गाने को किशोर कुमार और लता मंगेशकर ने अपनी आवाज दी थी. स्क्रीन पर विनोद मेहरा और रेखा की जोड़ी नजर आई थी. गाने के बोल मशहूर गीतकार गुलजार ने लिखे थे और संगीत आर. डी. बर्मन का था. गाने के पहले अंतरे में गुलजार ने मूल रूप से 'जब हिले' शब्द लिखे थे. लेकिन रिकॉर्डिंग के दौरान किशोर कुमार ने गलती से इसे 'लब हिले' गा दिया.
ये भी पढे़ं- हनुमान अंश ही नहीं इस फिल्म ने कमाया 14 दिनों में 7 गुना प्रॉफिट, तमिल और तेलुगु में रिलीज को तैयार मेकर्स
आमतौर पर ऐसी गलती पकड़ में आते ही दोबारा टेक लिया जाता या आवाज को ठीक किया जाता. मगर यहां कहानी थोड़ी अलग थी. बताया जाता है कि आर. डी. बर्मन और गुलजार ने इस बदलाव को नजरअंदाज कर दिया. न शब्द दोबारा रिकॉर्ड हुए और न ही बाद में इस हिस्से को बदला गया. नतीजा यह हुआ कि किशोर कुमार की वही 'गलत' लाइन गाने के फाइनल वर्जन का हिस्सा बन गई.
गलती बनी गाने की खासियत
दिलचस्प बात यह है कि इस एक शब्द की गलती ने गाने की लोकप्रियता पर जरा भी असर नहीं डाला. बल्कि आज जब इस गीत का जिक्र होता है, तो इसके पीछे छिपी यह रिकॉर्डिंग कहानी इसे और दिलचस्प बना देती है. 'आपकी आंखों में कुछ' अपनी खूबसूरत धुन, रोमांटिक अंदाज और लता मंगेशकर-किशोर कुमार की शानदार आवाज के कारण आज भी याद किया जाता है. गाने में विनोद मेहरा और रेखा की स्क्रीन केमिस्ट्री ने भी इसे खास बना दिया.
ये भी पढे़ं- उत्तम कुमार पर फिल्माए गए 4 गाने, आज हैं बंगाल की धड़कन, फैंस कहेंगे- ओल्ड इज गोल्ड
ये Video भी देखें: Hera Pheri 3 में बाबू राव की हुई वापसी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं