हिंदी सिनेमा में कुछ अभिनेत्रियां ऐसी रही हैं, जिनकी खूबसूरती और अदाकारी का जादू वक्त के साथ कम नहीं हुआ. रेखा भी उन्हीं में से एक हैं. उनकी शानदार एक्टिंग के साथ-साथ उनकी दिलकश अदाएं और डांस करने का अंदाज आज भी दर्शकों को आकर्षित करता है. रेखा ने अपने करियर में कई ऐसी फिल्में और गाने दिए हैं, जिन्हें आज भी खूब पसंद किया जाता है. साल 1981 में रिलीज हुई उनकी फिल्म ‘उमराव जान' भी ऐसी ही एक क्लासिक फिल्म है. इस फिल्म में रेखा ने अपनी अदाकारी और नजाकत से ऐसा जादू बिखेरा कि इसके गाने दशकों बाद भी संगीत प्रेमियों के दिलों में बसे हुए हैं.
45 साल बाद भी कायम है गाने का जादू
साल 1981 में आई फिल्म ‘उमराव जान' अपने शानदार संगीत और रेखा की बेमिसाल अदाकारी के लिए पहचानी जाती है. इस फिल्म का गाना ‘इन आंखों की मस्ती के' आज भी लोगों के बीच काफी लोकप्रिय है. मुजरा शैली में फिल्माए गए इस गीत में रेखा की अदाएं, चेहरे के भाव और हाथों की नजाकत देखने लायक है. उनकी हर अदा में लखनऊ की तहजीब और पुराने दौर की शाही संस्कृति की झलक नजर आती है. यही वजह है कि इतने साल बीत जाने के बाद भी यह गाना अपनी खास पहचान बनाए हुए है.
छोटी-छोटी अदाओं के लिए रेखा ने की थी मेहनत
इस गाने में रेखा के डांस को खास बनाने के लिए उनकी आंखों के हाव-भाव और उंगलियों की गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया गया था. कोरियोग्राफर कुमुदिनी लाखिया के निर्देशन में रेखा ने इन बारीकियों को पर्दे पर उतारने के लिए काफी मेहनत की. फिल्म में उन्हें उमराव जान नाम की एक तवायफ का किरदार निभाना था. ऐसे में उनके चलने, बैठने, देखने और नृत्य करने के अंदाज में उस दौर की तहजीब और नजाकत दिखाना जरूरी था. रेखा ने अपनी अदाकारी से इस किरदार को इतनी खूबसूरती से निभाया कि उमराव जान आज भी उनके करियर की सबसे यादगार फिल्मों में गिनी जाती है.
आशा भोसले की आवाज और खय्याम के संगीत ने बनाया यादगार
‘इन आंखों की मस्ती के' को दिग्गज गायिका आशा भोसले ने अपनी आवाज दी थी. इसके संगीतकार खय्याम थे, जबकि गीत के बोल मशहूर शायर शहरयार ने लिखे थे. फिल्म में ‘दिल चीज क्या है, आप मेरी जान लीजिए' भी एक बेहद लोकप्रिय गीत है, जिसमें रेखा की अदायगी और अंदाज ने दर्शकों का दिल जीत लिया. फिल्म में उनके शानदार अभिनय के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी मिला था. ‘उमराव जान' का संगीत, रेखा की अदाकारी और फिल्म की कहानी आज भी इसे हिंदी सिनेमा की यादगार फिल्मों में शामिल करते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं