2026 की सबसे बड़ी बॉक्स ऑफिस चमत्कार फिल्मों में शामिल हनुमान अंश ने मात्र 2 करोड़ रुपये के बजट में दुनियाभर में करीब 453 करोड़ रुपये कमा लिए हैं. नीम करोली बाबा के जीवन पर आधारित इस भक्ति फिल्म ने दर्शकों का दिल जीत लिया है. लेकिन सफलता के इस शिखर पर फिल्म की टीम के अंदर मतभेद सामने आ गए हैं. निर्देशक डॉ. विशाल चतुर्वेदी और निर्माताओं नम्रता जी सिंह, रागिनी सोना, अनुप्रिया नागर के बीच फिल्म के प्रमोशन को लेकर असहमति चल रही है.
क्यों रुकी हुई है हनुमान अंश 2
सूत्रों के मुताबिक एक निर्माता को ज्यादा ध्यान मिलने से टीम में नाराजगी पैदा हुई है. इस विवाद की वजह से हनुमान अंश की अगली कड़ी की घोषणा भी अभी तक नहीं हो पाई है. सोमवार को स्वंभू मीडिया नेटवर्क की ओर से जारी आधिकारिक बयान में नम्रता जी सिंह और डॉ. विशाल चतुर्वेदी ने खुद को एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर बताया है. बयान में साफ कहा गया है कि फिल्म के प्रमोशन, मार्केटिंग, अवॉर्ड्स और पार्टनरशिप का काम सिर्फ यह दोनों ही संभालेंगे.
समझौते पर टिके निर्माता
कंपनी का कहना है कि फिल्म के थिएटर, स्ट्रीमिंग और म्यूजिक राइट्स सिर्फ निर्माताओं के बीच हुए समझौतों के जरिए ही तय होंगे. कोई भी अकेला व्यक्ति फिल्म के राइट्स को लेकर कोई फैसला नहीं ले सकता. बयान में चेतावनी दी गई है कि फिल्म की ओर से कोई भी बयान या कार्यक्रम करने से पहले आधिकारिक चैनल से मंजूरी लेना जरूरी है. फिल्म के चारों निर्माता नम्रता, विशाल, रागिनी और अनुप्रिया मिलकर राइट्स रखते हैं. किसी भी बड़े फैसले के लिए सबकी सहमति जरूरी है.
फिल्म की टीम पर सवाल
21 साल अनुप्रिया नागर फिल्म के प्रमोशन में सबसे आगे रही हैं. उन्होंने खुद बताया था कि वह टीम में सबसे बाद में शामिल हुई थीं, जब फिल्म पोस्ट-प्रोडक्शन में थी. फिर भी वह फिल्म का चेहरा बन गईं. उन्होंने पहले कहा था कि हनुमान अंश से तीन लोग जुड़े हैं और जल्द दूसरी फिल्म पर काम शुरू होगा. लेकिन फिलहाल टीम की एकजुटता पर सवाल उठ रहे हैं. फिल्म 7 अगस्त को रिलीज हुई थी. डिजिटल रिलीज की तारीख अभी आधिकारिक तौर पर शेयर नहीं की गई है.
यह भी पढ़ें | 1.5 करोड़ में बनी हनुमान अंश ने कमाए 450 करोड़ रुपये,मगर इन चार लोगों में बंटे का फिल्म का मुनाफा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं