विज्ञापन

दलेर मेहंदी का वो सुपरहिट गाना, जिसने 90s में हर पार्टी को बना दिया था डांस फ्लोर, अमिताभ बच्चन का हुआ कमबैक, यूट्यूब पर मिले 158 मिलियन व्यूज

‘मृत्युदाता’ से अमिताभ बच्चन ने बड़े पर्दे पर वापसी की थी, लेकिन फिल्म से ज्यादा उसके ‘ना ना ना रे’ ने धूम मचाई. दलेर मेहंदी की आवाज में सजा यह गाना आज भी 90s की पार्टियों और मस्ती की यादें ताजा कर देता है.

दलेर मेहंदी का वो सुपरहिट गाना, जिसने 90s में हर पार्टी को बना दिया था डांस फ्लोर, अमिताभ बच्चन का हुआ कमबैक, यूट्यूब पर मिले 158 मिलियन व्यूज
1997 में हिट हुआ था अमिताभ बच्चन और दलेर मेहंदी का ये गाना

90 के दशक में बॉलीवुड के गानों का ऐसा जादू था कि लोग उनकी धुन सुनते ही थिरकने लगते थे. उस दौर में एक ऐसा गाना आया, जिसने पार्टियों से लेकर शादियों तक खूब धूम मचाई. अमिताभ बच्चन के जबरदस्त अंदाज और दलेर मेहंदी की दमदार आवाज वाले इस गाने को आज भी लोग बड़े चाव से सुनते हैं. हम बात कर रहे हैं फिल्म ‘मृत्युदाता' के गाने ‘ना ना ना रे' की. समीर के लिखे बोल और आनंद-मिलिंद के संगीत ने इस गाने को खास बना दिया. YouTube पर भी इसे 158 मिलियन व्यूज मिल चुके हैं.

दलेर मेहंदी की आवाज ने मचा दिया था धमाल

‘ना ना ना रे' गाने की खास बात इसकी धुन और दलेर मेहंदी का अंदाज था. अमिताभ बच्चन के साथ दलेर मेहंदी भी इस गाने में नजर आए थे. दोनों का डांस और गाने की मस्ती दर्शकों को खूब पसंद आई. इस गाने का संगीत आनंद-मिलिंद ने तैयार किया था, जबकि इसके बोल समीर ने लिखे थे. दलेर मेहंदी और सुदेश भोसले ने इसे अपनी आवाज दी थी. उस दौर में दलेर मेहंदी अपने अलग अंदाज के लिए मशहूर हो रहे थे. इस गाने ने उनकी लोकप्रियता को और बढ़ाने में मदद की. 

पांच साल बाद अमिताभ बच्चन ने की थी वापसी

फिल्म ‘मृत्युदाता' 25 अप्रैल 1997 को रिलीज हुई थी. इसका निर्देशन मेहुल कुमार ने किया था और अमिताभ बच्चन ने खुद इसे अपने प्रोडक्शन बैनर ABCL के तहत बनाया था. करीब पांच साल तक फिल्मों से दूर रहने के बाद अमिताभ ने इस फिल्म के जरिए बड़े पर्दे पर वापसी की थी. फिल्म में उनके साथ डिंपल कपाड़िया, करिश्मा कपूर, अरबाज अली खान और परेश रावल जैसे कलाकार नजर आए थे. कहानी डॉ. राम प्रसाद घायल की है, जो अपने परिवार के साथ खुशहाल जिंदगी जी रहे होते हैं. लेकिन भाई के साथ हुई नाइंसाफी उनकी जिंदगी बदल देती है. इसके बाद वह अपने दुश्मनों से बदला लेने निकल पड़ते हैं. 

बॉक्स ऑफिस पर नहीं चला था फिल्म का जादू

‘मृत्युदाता' से अमिताभ बच्चन को काफी उम्मीदें थीं, लेकिन फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं हो सकी. बॉक्स ऑफिस इंडिया के आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म का बजट करीब 13 करोड़ रुपये था, जबकि दुनियाभर में इसने लगभग 17.37 करोड़ रुपये की कमाई की थी. इसके बावजूद इसे फ्लॉप घोषित किया गया. हालांकि, फिल्म की असफलता का असर इसके गाने ‘ना ना ना रे' की लोकप्रियता पर नहीं पड़ा. आज भी यह गाना 90 के दशक के उन गीतों में गिना जाता है, जो पुराने दौर की पार्टियों और मस्ती की याद दिलाते हैं. 

ये भी पढ़ें: दलेर मेहंदी के अपमान पर फूटा राजपाल यादव का गुस्सा, कैबिनेट मंत्री को लगाई लताड़, बोले- कला खरीदी नहीं जा सकती

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Daler Mehndi, Amitabh Bachchan, Entertainment
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com