Mohammad Rafi Bhojpuri Song: मोहम्मद रफी ने अपने करियर में एक से बढ़कर एक यादगार गाने दिए हैं. उनकी आवाज का जादू ऐसा ही कि सालों बाद भी उनके गाने लोगों की फेवरेट प्लेलिस्ट में अपनी जगह बनाए हुए हैं. आपको बता दें कि रफी साहब की आवाज का जादू सिर्फ हिंदी सिनेमा में ही नहीं, बल्कि भोजपुरी सिनेमा में भी खूब देखने को मिला है. उन्होंने अपने करियर में कई भोजपुरी फिल्मों के गाने गाए हैं, आज हम उनके एक ऐसे ही भोजपुरी गाने की बात करेंगे जो दुल्हन की विदाई पर आज भी बजता है. 45 साल पुराना ये गाना आज भी शादी-ब्याह और खासकर दुल्हन की विदाई के मौके पर इमोशनल कर देता है. 45 साल पहले रिलीज हुई भोजपुरी फिल्म 'धरती मइया' का ये गाना आज भी अपनी पहचान बनाए हुए है. रफी साहब की आवाज और इसके बोल में विदाई का दर्द, डोली और अपनों से बिछड़ने का एहसास साफ झलकता है.
मोहम्मद रफी का 45 साल पुराना भोजपुरी गाना
हम बात कर रहे हैं साल 1981 में आई फिल्म 'धरती मइया' के गाने 'जल्दी जल्दी चल रे कहारा'. इस गाने को मोहम्मद रफी ने अपनी आवाज से सजाया था. गाने का संगीत चित्रगुप्त ने तैयार किया था, इसके बोल लक्ष्मण शाहाबादी ने लिखे थे. लगभग 3 मिनट 54 सेकंड के इस गाने में दुल्हन की विदाई, दुख और अपनों से दूर होने का दर्द साफ झलकता है. गाने में दुल्हन की डोली और उसे लेकर जाने वाले कहारों की बात की गई है. गाने के बोल में सूरज डूबे रे नदिया जैसी लाइनें भी हैं जो विदाई के माहौल को फील कराती हैं. यही वजह है कि ये सिर्फ एक फिल्मी गाना नहीं है, बल्कि भोजपुरी शादी की परंपराओं से जुड़ा एहसास भी बन गया है.
रफी के अलावा किशोर कुमार ने भी गाया था गाना
बता दें कि इस फिल्म का डायरेक्शन कमर नकवी ने किया था. फिल्म में पद्मा खन्ना, गौरी खुराना, राकेश पांडे और कुणाल जैसे कलाकारों ने काम किया था. फिल्म का संगीत चित्रगुप्त ने तैयार किया था. सबसे खास बात ये है कि इस फिल्म में रफी साहब के अलावा किशोर कुमार, आशा भोसले और उषा मंगेशकर ने भी अपनी आवाज दी थी. फिल्म के गाने काफी पसंद किए गए थे, जिसमें 'केहू लुटेरा केहू चोर' को आशा भोसले ने अपनी आवाज से सजाया था.
फिल्म 'धरती मइया' की कहानी
फिल्म 'धरती मइया' में एक गरीब किसान परिवार की कहानी दिखाई गई है. जिसमें एक शख्स जमींदार पति की हत्या कर देता है, जिसके बाद उसकी एक विधवा औरत अपने सगे और सौतेले दोनों बेटों को पालती है. बड़े होने के बाद दोनों भाई एक-दूसरे का सहारा बनते हैं, लेकिन जमींदार उन्हें जमीन के लालच में एक-दूसरे के खिलाफ करने की कोशिश करता है. फिल्म की कहानी परिवार, रिश्तों और संघर्ष को दिखाती है. यही वजह है कि इस फिल्म को भी दर्शकों ने खूब पसंद किया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं