Maa Se Badhkar Saas Ma Trailer: भोजपुरी सिनेमा में सास-बहू के रिश्ते पर कई फिल्में और कहानियां बनी हैं, लेकिन इस बार एक ऐसी फिल्म दर्शकों के बीच आने वाली है, जिसका नाम ही रिश्तों की एक अलग कहानी बयां कर रहा है. फिल्म का नाम है 'मां से बढ़कर सासू मां'. फिल्म का ट्रेलर रिलीज हो गया है. इसके साथ ही इसकी रिलीज डेट का भी ऐलान हो गया है. संचिता बनर्जी, शारदा नवल और आकाश यादव की अहम भूमिकाओं वाली इस फिल्म का वर्ल्ड डिजिटल प्रीमियर 20 नवंबर 2026 को होगा.
सास-बहू के रिश्ते की दिखेगी अनोखी कहानी
'मां से बढ़कर सासू मां' का शीर्षक सुनकर ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि फिल्म की कहानी पारिवारिक रिश्तों और भावनाओं के इर्द-गिर्द बुनी गई है. आम तौर पर सास-बहू के रिश्ते को फिल्मों और टीवी सीरियल्स में तकरार और मनमुटाव के नजरिए से दिखाया जाता रहा है. ऐसे में यह फिल्म इस रिश्ते के दूसरे पहलू यानी प्यार, अपनापन और मां जैसी ममता को सामने लाने की कोशिश करती नजर आ रही है.
संचिता बनर्जी समेत ये कलाकार आएंगे नजर
एडवाइज मूवीज प्रस्तुत इस फिल्म में संचिता बनर्जी, शारदा नवल और आकाश यादव प्रमुख भूमिकाओं में हैं. इनके अलावा गोपाल चौहान, सुबोध सेठ, बब्लू खान, ललित उपाध्याय, सुजीत सार्थक, कंचन मिश्रा, सुषमा प्रेणा और सनी शर्मा भी फिल्म का हिस्सा हैं. फिल्म की निर्मात्री पूनम यादव हैं, जबकि इसका निर्देशन संजय श्रीवास्तव ने किया है.
यूट्यूब पर होगा वर्ल्ड डिजिटल प्रीमियर
भोजपुरी फिल्मों के डिजिटल दर्शकों के लिए ‘मां से बढ़कर सासू मां' को सीधे यूट्यूब पर रिलीज किया जाएगा. फिल्म का वर्ल्ड डिजिटल प्रीमियर 20 नवंबर 2026 को एडवाइज भोजपुरी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर होगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं