Hey Chhathi Maiya Hamar Mansa Puraiha 2 Trailer: छठ महापर्व की आस्था, परंपरा और पारिवारिक भावनाओं को समर्पित भोजपुरी फिल्म 'हे छठी मईया हमार मनसा पुरइह 2' का ट्रेलर रिलीज हो गया है. दिवाली के मौके पर एडवाइज भोजपुरी के आधिकारिक प्लेटफॉर्म पर रिलीज हुए इस ट्रेलर में छठी मईया की भक्ति के साथ पारिवारिक रिश्तों और मनोरंजन की झलक देखने को मिल रही है. फिल्म में विक्रांत सिंह राजपूत और मणि भट्टाचार्य मुख्य भूमिका में नजर आएंगे, जबकि यामिनी सिंह गेस्ट अपीयरेंस में दिखाई देंगी.y
छठी मईया की भक्ति और परिवार की कहानी
3 मिनट 12 सेकंड के ट्रेलर में छठ महापर्व की महिमा, आस्था और पारिवारिक भावनाओं को दिखाया गया है. फिल्म की कहानी में छठ पूजा से जुड़ी परंपराओं और परिवार के रिश्तों को अहमियत दी गई है. छठ स्पेशल के तौर पर तैयार की गई इस फिल्म में भक्ति के साथ मनोरंजन का भी तड़का देखने को मिलेगा.
फिल्म में विक्रांत सिंह राजपूत और मणि भट्टाचार्य मुख्य किरदारों में हैं. इनके अलावा श्रद्धा नवल, प्रेम दुबे, भोपी सिंह, स्वीटी सिंह राजपूत और रूपा सिंह भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. वहीं, भोजपुरी अभिनेत्री यामिनी सिंह गेस्ट अपीयरेंस में दिखाई देंगी.
विक्रांत सिंह राजपूत ने क्या कहा?
फिल्म को लेकर अभिनेता विक्रांत सिंह राजपूत ने कहा, "छठ महापर्व बिहार और पूर्वांचल के लोगों की आस्था से गहराई से जुड़ा पर्व है. इस फिल्म के माध्यम से दर्शकों को छठ पूजा की भावनाओं, परंपराओं और पारिवारिक मूल्यों को पर्दे पर देखने का अवसर मिलेगा. फिल्म को खास तौर पर छठ स्पेशल के रूप में तैयार किया गया है."
अजित कुमार ने किया फिल्म का निर्देशन
‘हे छठी मईया हमार मनसा पुरइह 2' का निर्देशन अजित कुमार ने किया है. फिल्म की कहानी और लेखन प्राण नाथ ने किया है. इसके सह-निर्माता अथर्व नाहर और कार्यकारी निर्माता शिवम सिंह हैं. फिल्म का संगीत ओम झा ने तैयार किया है, जबकि गीतों को प्यारे लाल यादव (कवि जी) ने लिखा है.
फिल्म के सह-निर्माता अथर्व नाहर ने कहा, "फिल्म बनाने का उद्देश्य छठ महापर्व की आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक महत्व को भोजपुरी सिनेमा के माध्यम से दर्शकों तक पहुंचाना है. छठ बिहार और पूर्वांचल के लोगों के दिलों से जुड़ा पर्व है. उम्मीद है कि दर्शक इस फिल्म को पसंद करेंगे और इसके जरिए छठी मईया की भक्ति और पर्व की खूबसूरती को महसूस करेंगे."
छठ पर भोजपुरी दर्शकों के लिए खास पेशकश
छठ महापर्व के मौके पर रिलीज हुई इस फिल्म का ट्रेलर अब दर्शकों के सामने है. भक्ति, पारिवारिक भावनाओं और मनोरंजन से सजी 'हे छठी मईया हमार मनसा पुरइह 2' छठ स्पेशल भोजपुरी फिल्मों में शामिल है. फिल्म के ट्रेलर के बाद अब दर्शकों को इसकी रिलीज का इंतजार है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं