Panchayat Season 5 Trailer: फुलेरा में एक बार फिर राजनीति, रिश्तों और गांव की गॉसिप का तड़का लगने वाला है. पंचायत के नए सीजन के ट्रेलर में सचिवजी यानी अभिषेक और रिंकी की कहानी के साथ प्रधानजी का गुस्सा भी देखने को मिल रहा है. 'पंचायत' के पांचवें सीजन को लेकर दर्शकों की उत्सुकता लगातार बढ़ रही है. गांव की छोटी-छोटी समस्याओं, मजेदार संवादों और किरदारों की अनोखी दुनिया के बीच इस बार कहानी में प्यार, बदनामी और थप्पड़ की गूंज भी सुनाई दे रही है. ट्रेलर ने साफ कर दिया है कि फुलेरा में सब कुछ पहले जैसा शांत नहीं रहने वाला.
सचिवजी के गाल पर प्रधानजी का थप्पड़
पंचायत सीजन 5 ट्रेलर का सबसे दिलचस्प पल वह है, जब प्रधानजी सचिवजी पर हाथ उठा देते हैं. अभिषेक के गाल पर पड़ा थप्पड़ कहानी में नए तनाव का संकेत देता है. आखिर प्रधानजी को इतना गुस्सा क्यों आया? क्या सचिवजी ने कोई ऐसी गलती कर दी है, जिससे गांव की राजनीति और रिश्तों में भूचाल आ गया है, या फिर मामला रिंकी से जुड़ा है? इन सवालों ने ट्रेलर को और दिलचस्प बना दिया है. अभिषेक यानी सचिवजी का किरदार हमेशा अपनी नौकरी, गांव की राजनीति और निजी जिंदगी के बीच उलझा नजर आता है. इस बार भी उनकी मुश्किलें कम होती नहीं दिख रही हैं. प्रधानजी के साथ उनके रिश्ते में आई तल्खी आने वाले सीजन में नए ट्विस्ट लेकर आ सकती है.
अभिषेक के प्यार में फुलेरा में बदनाम हुई रिंकी
'पंचायत 5' में रिंकी और अभिषेक की प्रेम कहानी भी अहम मोड़ पर पहुंचती नजर आ रही है. दोनों के बीच बढ़ती नजदीकियां अब गांव में चर्चा का विषय बन सकती हैं. फुलेरा में जहां हर छोटी बात पर पंचायत बैठने की नौबत आ जाती है, वहां सचिवजी और रिंकी के रिश्ते पर लोगों की नजरें टिकना स्वाभाविक है. अब जब रिंकी और सचिवजी की प्रेम कहानी क्रांति देवी और बनराकस को पता चले तो यह तो गजब होने जैसा है. इसके संकेत ट्रेलर में मिल चुके हैं. ट्रेलर में सचिवजी को रिंकी का हाथ मांगने की तैयारी करते हुए भी देखा जा सकता है.
फिर लौटे फुलेरा के पुराने चेहरे
‘पंचायत' की लोकप्रियता इसकी सादगी, देसी हास्य और गांव के किरदारों की वजह से रही है. प्रधानजी, मंजू देवी, सचिवजी, रिंकी और बाकी गांववालों की नोकझोंक दर्शकों को एक बार फिर उसी माहौल में ले जाने के लिए तैयार है. पांचवें सीजन में गांव की राजनीति, रिश्तों की खींचतान, सचिवजी की मुश्किलें और रिंकी-अभिषेक की कहानी साथ-साथ आगे बढ़ती दिखाई दे सकती है. ट्रेलर ने हंसी के साथ कई सवाल भी छोड़ दिए हैं, जिनके 3 दिसंबर 2026 को प्राइम वीडियो पर उस समय मिल सकेंगे जब सीरीज रिलीज होगी.
यहां देखें पंचायत सीजन 5 ट्रेलर
पंचायत सीजन 5 की स्टारकास्ट
पंचायत के इस सीजन का निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा ने किया है, जबकि दीपक कुमार मिश्रा, चंदन कुमार और अरुणाभ कुमार ने बनाया है. इसकी कहानी चंदन कुमार ने लिखी है. इसका निर्माण द वायरल फीवर (टीवीएफ) ने किया है. पंचायत सीजन 5 में एक बार फिर शानदार कलाकार जितेंद्र कुमार, रघुबीर यादव, नीना गुप्ता, सुनीता राजवर, फैज़ल मलिक, चंदन रॉय, संविका, दुर्गेश कुमार और अशोक पाठक नजर आएंगे.
यह भी पढ़ें: Panchayat Season 5 Trailer: पंचायत 5 का ट्रेलर रिलीज, बदल गई फुलेरा की दुनिया, प्रधानपति बने बनराकस का जलवा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं