चुपके से मुंह में दबा ली अंगूठी, ज्वेलरी शॉप में अमीर महिला की हरकत कैमरे में कैद, फिर माफी मांगने लगी

गुजरात के वडोदरा से चोरी का एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहाँ रेसकोर्स इलाके स्थित एक हाई-प्रोफाइल ज्वेलरी शोरूम में ग्राहक बनकर आई एक महिला ने लाखों के सोने और हीरे के गहने चुराने की कोशिश की. इस महिला ने चोरी का ऐसा अजीबोगरीब तरीका अपनाया जिसे देखकर हर कोई दंग रह गया. शोरूम स्टाफ को अपनी बातों में उलझाकर इस शातिर महिला ने सोने-हीरे की ईयररिंग्स और एक कीमती अंगूठी चुपके से अपने मुंह में छिपा ली.

हालांकि, उसकी यह चालाकी ज्यादा देर नहीं चल पाई. महिला की संदिग्ध गतिविधियों को देखकर स्टाफ को शक हुआ. जब गहनों का मिलान किया गया और महिला से सख्ती से पूछताछ हुई, तो उसके मुंह से चोरी किए गए सारे गहने बरामद हो गए. रंगे हाथों पकड़े जाने पर हाई-प्रोफाइल दिखने वाली यह महिला स्टाफ के पैरों में गिरकर गिड़गिड़ाने और माफी मांगने लगी.

यह पूरी घटना शोरूम के CCTV कैमरों में कैद हो गई है. बाद में मीडिया के कैमरों को देखकर भी महिला अपना चेहरा छिपाती नजर आई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे हिरासत में ले लिया, लेकिन शोरूम मालिकों की तरफ से कोई आधिकारिक शिकायत (FIR) दर्ज न कराए जाने के कारण पुलिस को उसे छोड़ना पड़ा.