UP Teacher Recruitment Protest: नौकरी के लिए रेंगते हुए पहुंचे अभ्यर्थी, UP में अनोखा प्रदर्शन

UP teacher recruitment protest: उत्तर प्रदेश में शिक्षक भर्ती को लेकर लंबे समय से चला आ रहा विवाद अब सड़क पर एक अलग ही रूप में सामने आया है. लखनऊ में बड़ी संख्या में शिक्षक अभ्यर्थियों ने अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया. अभ्यर्थी सड़क पर रेंगते हुए शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के आवास तक पहुंचे, ताकि सरकार तक अपनी बात मजबूती से पहुंचा सकें.

यह प्रदर्शन 69,000 शिक्षक भर्ती मामले से जुड़ा है, जिसे लेकर अभ्यर्थी पिछले कई सालों से आंदोलन कर रहे हैं. बताया जा रहा है कि वर्ष 2018 से ही यह मुद्दा लगातार विवादों में रहा है और अभ्यर्थी नियुक्ति प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों को लेकर न्याय की मांग कर रहे हैं.

लखनऊ की सड़कों पर सामने आई तस्वीरों में देखा जा सकता है कि अभ्यर्थी जमीन पर रेंगते हुए आगे बढ़ रहे हैं. उनका कहना है कि यह प्रदर्शन प्रतीकात्मक है और सरकार को यह दिखाने की कोशिश है कि उनकी हालत कितनी मुश्किल हो चुकी है. बड़ी संख्या में मौजूद अभ्यर्थियों ने मांग की कि सरकार इस मामले में ठोस कदम उठाए और न्याय सुनिश्चित करे.

इस मामले की खास बात यह है कि कल अदालत में इसकी अहम सुनवाई भी होने वाली है. ऐसे में अभ्यर्थियों का यह प्रदर्शन सुनवाई से ठीक पहले दबाव बनाने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे चाहते हैं कि सरकार अदालत में उनका पक्ष मजबूती से रखे.

राजनीतिक रूप से भी यह मुद्दा काफी संवेदनशील बनता जा रहा है. विपक्ष ने इस भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ियों का आरोप लगाते हुए सरकार को घेरा है. वहीं समाजवादी पार्टी ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक कैंपेन भी शुरू किया है, जिसमें इस मुद्दे को उठाया गया है. यह पहला मौका नहीं है जब अभ्यर्थियों ने इस तरह विरोध जताया हो. इससे पहले भी कई बार मंत्री आवास का घेराव, धरना और प्रदर्शन हो चुके हैं. लेकिन इस बार का विरोध प्रदर्शन अपने तरीके के कारण चर्चा में है. अब सभी की नजर अदालत की सुनवाई पर टिकी है, जहां से इस लंबे समय से चले आ रहे विवाद को लेकर कोई ठोस दिशा निकल सकती है.

संबंधित वीडियो