आख़िरी दौर के चुनाव प्रचार में सभी पार्टियों ने अपनी पूरी ताक़त झोंक दी है.लेकिन प्रचार के इस आख़िरी पड़ाव में पंजाब में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है.कांग्रेस के स्टार प्रचारक नवजोत सिंह सिद्धू ने वोकल कॉर्ड में ख़राबी की शिकायत करते हुए प्रचार से दूरी बना ली है.बाक़ी के राज्यों में पार्टी का प्रचार करने के बाद सिद्धू कल पंजाब में राहुल गांधी की रैली से दूर रहे. बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह से उनका मनमुटाव इसके पीछे सबसे बड़ी वजह है.पंजाब की कांग्रेस प्रभारी आशा कुमारी ने सार्वजनिक तौर पर यह कहकर सिद्धू की नाराज़गी को और बढ़ा दिया है कि पंजाब में प्रचार के लिए सिद्धू की ज़रूरत नहीं है. हाल ही में NDTV से बातचीत में सिद्धू ने इशारों में अपनी नाराज़गी जताते हुए कहा था कि बिन बुलाए मैं दरबार साहिब और माता रानी के दरबार के अलावा कहीं नहीं जाता. ऐसे में माना जा रहा है कि वोकल कॉर्ड में ख़राबी महज़ एक बहाना है, बल्कि सिद्धू के चुनाव प्रचार से दूरी की असली वजह तो उनकी नाराज़गी है