झारखंड में राज्यसभा चुनाव हुआ रोचक, परिमल नाथवानी का नामांकन मंजूर, फैसले से भड़की कांग्रेस

झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर चल रहा हाई-वोल्टेज राजनीतिक ड्रामा अब और दिलचस्प हो गया है. भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी के नामांकन पर मंडरा रहा संकट आखिरकार टल गया है. रिटर्निंग ऑफिसर (RO) रंजीत प्रसाद ने उनके नामांकन पत्र में पाई गईं तकनीकी कमियों को दरकिनार करते हुए उसे आधिकारिक रूप से वैध घोषित कर मंजूर कर लिया है. इससे पहले कांग्रेस विधायक विल्सन कोंगाड़ी ने नाम की स्पेलिंग में अंतर, अविभाजित परिवार के विवरण में कमी और आपराधिक मामलों की अधूरी जानकारी को लेकर आपत्ति जताई थी, जिसके बाद पर्चा होल्ड पर रख दिया गया था. इस फैसले पर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. एनडीटीवी (NDTV) से खास बातचीत में कांग्रेस मंत्री दीपिका पांडेय ने इस फैसले को सरासर गलत बताते हुए भाजपा पर लोकतंत्र की हत्या का आरोप लगाया. उन्होंने दावा किया कि आज भले ही उनकी आपत्ति खारिज हो गई हो, लेकिन 18 जून को चुनाव के दिन वे एकजुट होकर भाजपा समर्थित उम्मीदवार को हराएंगे. बता दें कि झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए तीन उम्मीदवार मैदान में हैं, जिससे मुकाबला बेहद त्रिकोणीय और कड़ा हो गया है.