राजपाल यादव आज हिंदी सिनेमा के उन कलाकारों में गिने जाते हैं, जिनकी कॉमेडी और अनोखी अदाकारी ने दर्शकों को खूब हंसाया है. फिल्मों में पहचान बनाने से पहले उन्होंने टेलीविजन पर भी अपनी एक्टिंग का दम दिखाया था. 90 के दशक के आखिर में दूरदर्शन पर प्रसारित हुए शो ‘मुंगेरी के भाई नौरंगीलाल' ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई. साल 1999 में शुरू हुआ यह शो लोकप्रिय सीरियल ‘मुंगेरीलाल के हसीन सपने' का सीक्वल था. इसमें राजपाल यादव ने नौरंगीलाल का किरदार निभाया था. शो में उनकी कॉमिक टाइमिंग और मासूम अंदाज दर्शकों को खूब पसंद आया. IMDb पर इस सीरियल को 8.8 की शानदार रेटिंग मिली है.
नौरंगीलाल बनकर छा गए थे राजपाल यादव
‘मुंगेरी के भाई नौरंगीलाल' का प्रसारण डीडी नेशनल पर हुआ था. शो की कहानी मुंगेरीलाल के छोटे भाई नौरंगीलाल के इर्द-गिर्द घूमती थी. अपने बड़े भाई की तरह नौरंगीलाल भी सपनों और कल्पनाओं की दुनिया में खोया रहता था. उसकी यही आदत कहानी में हास्य पैदा करती थी.
राजपाल यादव ने इस किरदार को बेहद सहज अंदाज में निभाया. उनके साथ शो में रघुबीर यादव, राजू श्रीवास्तव, संध्या मृदुल और जाकिर हुसैन जैसे कलाकार भी नजर आए थे. बताया जाता है कि इस सीरियल के 26 एपिसोड प्रसारित हुए थे. उस समय राजपाल यादव के लिए यह शो उनके करियर का अहम पड़ाव साबित हुआ और आगे चलकर फिल्मों में उनकी पहचान मजबूत हुई.
जब भीड़ लगाने लगी ‘नौरंगी-नौरंगी' के नारे
राजपाल यादव ने इस शो से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा भी साझा किया था. 1999 में वह मनोज बाजपेयी और रवीना टंडन स्टारर फिल्म ‘शूल' की शूटिंग कर रहे थे. इसी दौरान वहां मौजूद भीड़ उन्हें पहचान गई और लोग उनके असली नाम के बजाय टीवी वाले किरदार के नाम से आवाज लगाने लगे.
लोग जोर-जोर से ‘नौरंगी! नौरंगी!' पुकारने लगे. इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि उस समय उनका टीवी किरदार दर्शकों के बीच कितना लोकप्रिय हो चुका था. फिल्मों में बड़ा नाम बनने से पहले ही राजपाल की यह पहचान लोगों के बीच बन गई थी.
‘चाची 420' वाले अंदाज में भी आए थे नजर
राजपाल यादव के इस शो से जुड़ा एक और मजेदार पहलू ‘चाची 420' से जुड़ा है. सीरियल के एक एपिसोड में वह लड़की के भेष में नजर आए थे. कहानी में उनका किरदार अपनी प्रेमिका के दिल की बात जानने के लिए महिला का रूप धारण करता है. उनका यह अंदाज दर्शकों को काफी पसंद आया था. गौरतलब है कि कमल हासन की फिल्म ‘चाची 420' इससे पहले 1997 में रिलीज हो चुकी थी, जिसमें कमल हासन ने महिला का रूप धारण किया था. राजपाल यादव के टीवी वाले इस किरदार ने भी उनके कॉमिक अंदाज को खूब उभारा.
राजपाल ने एक इंटरव्यू में यह भी बताया था कि शो में एक सीन के दौरान उन्हें कई बार थप्पड़ खाने पड़े थे. टीवी पर यह देखकर उनकी मां काफी परेशान हो गई थीं और कमरे से बाहर चली गईं. बाद में राजपाल ने उन्हें समझाया कि वह सब सिर्फ अभिनय का हिस्सा था. आज भले ही राजपाल यादव फिल्मों के लिए मशहूर हैं, लेकिन ‘मुंगेरी के भाई नौरंगीलाल' उनके करियर की उन यादगार शुरुआतों में शामिल है, जिसे पुराने दर्शक आज भी याद करते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं