‘लॉक अप 2' अब अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच चुका है. कई हफ्तों तक चले हाई-वोल्टेज ड्रामे, तीखी बहसों, बदलते रिश्तों और कड़े मुकाबलों के बाद शो का ग्रैंड फिनाले संपन्न हो गया. पूरे सीजन में कंटेस्टेंट्स के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिली, वहीं कई चौंकाने वाले एलिमिनेशन और वाइल्ड कार्ड एंट्री ने दर्शकों की दिलचस्पी बनाए रखी. रितेश देशमुख और फराह खान की होस्टिंग वाले इस रियलिटी शो का अंत भी उतना ही शानदार रहा, जितना इसका सफर. आखिरकार फैंस का इंतजार खत्म हुआ और ‘लॉक अप 2' को अपना नया विजेता मिल गया.
श्रेया कालरा बनीं ‘लॉक अप 2' की विनर
ग्रैंड फिनाले में श्रेया कालरा ने सभी प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ते हुए ‘लॉक अप 2' की ट्रॉफी अपने नाम कर ली. ट्रॉफी के साथ उन्हें 1 करोड़ रुपये की प्राइज मनी भी मिली. जीत की घोषणा के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर उनके फैंस ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें जमकर बधाइयां दीं.
फैंस बोले- जीत की असली हकदार थीं श्रेया
श्रेय़ा की जीत के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई. एक यूजर ने लिखा, “पूरे सीजन में जिस तरह श्रेया ने गेम खेला, वह इस जीत की पूरी हकदार थीं.” दूसरे यूजर ने इसे “डिजर्विंग विन” बताया. वहीं एक अन्य फैन ने कहा, “मेरे हिसाब से ट्रॉफी सही हाथों में गई है.”
किसे मिले कितने वोट?
विजेता का फैसला 25 सदस्यीय जूरी के वोटों के आधार पर किया गया. इस जूरी में मीडिया प्रतिनिधियों के साथ शो के पूर्व कंटेस्टेंट और बाहर हो चुके प्रतिभागी भी शामिल थे. फिल्म विंडो की रिपोर्ट के अनुसार, श्रेया कालरा को 23 वोट मिले, जिनमें 18 मीडिया जूरी और पांच पूर्व सदस्यों के वोट शामिल थे. वहीं शिवांगी जोशी को करीब 14-15 वोट मिले, जबकि योगेश रावत के खाते में मीडिया जूरी से केवल दो वोट आए.
ये रहे शो के टॉप 5 फाइनलिस्ट
‘लॉक अप 2' के टॉप-5 फाइनलिस्ट में श्रेया कालरा, शिवांगी जोशी, शिल्पा शिंदे, योगेश रावत और राम कपूर ने जगह बनाई. फिनाले से ठीक पहले हुए एलिमिनेशन में आकांक्षा चमोला और वरुण यादव का सफर खत्म हो गया, जिसके बाद यही पांच कंटेस्टेंट्स ट्रॉफी की रेस में बचे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं