विज्ञापन

‘रामायण’ के लक्ष्मण सुनील लहरी पर टूटा दुखों का पहाड़, अरुण गोविल और अरविंद त्रिवेदी से भी था गहरा रिश्ता

‘रामायण’ में लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले सुनील लहरी ने अपने करीबी दोस्त मयंक जयंतिलाल व्यास के अचानक निधन की जानकारी साझा की. अभिनेता ने बताया कि हार्ट अटैक के चलते उनके दोस्त ने ऑफिस में ही दम तोड़ दिया.

‘रामायण’ के लक्ष्मण सुनील लहरी पर टूटा दुखों का पहाड़, अरुण गोविल और अरविंद त्रिवेदी से भी था गहरा रिश्ता
सुनील लहरी के करीबी दोस्त का निधन

टीवी के चर्चित पौराणिक शो ‘रामायण' में लक्ष्मण का किरदार निभाकर घर-घर पहचान बनाने वाले अभिनेता सुनील लहरी इन दिनों गहरे शोक में हैं. अभिनेता ने सोशल मीडिया के जरिए अपने बेहद करीबी मित्र मयंक मुन्ना भाई जयंतिलाल व्यास के निधन की जानकारी साझा की है. इस खबर ने उनके प्रशंसकों को भी भावुक कर दिया. सुनील लहरी ने बताया कि उनके दोस्त का अचानक हार्ट अटैक आने से निधन हो गया. खास बात यह है कि मयंक केवल सुनील लहरी के ही नहीं, बल्कि ‘रामायण' में भगवान राम बने अरुण गोविल और रावण का किरदार निभाने वाले दिवंगत अभिनेता अरविंद त्रिवेदी के भी बेहद करीबी थे. अभिनेता ने उन्हें याद करते हुए भावुक संदेश लिखा और श्रद्धांजलि अर्पित की.

ऑफिस में अचानक बिगड़ी तबीयत

सुनील लहरी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा करते हुए बताया कि मयंक जयंतिलाल व्यास पूरी तरह स्वस्थ और ऊर्जावान व्यक्ति थे. उन्हें कभी किसी गंभीर बीमारी की शिकायत नहीं रही. लेकिन ऑफिस में काम के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वह कुर्सी पर बैठे-बैठे ही गिर पड़े. अस्पताल पहुंचाने का भी समय नहीं मिल पाया और उनका निधन हो गया. अभिनेता ने कहा कि जिंदगी का कोई भरोसा नहीं, एक पल में सब कुछ बदल सकता है. उन्होंने ईश्वर से अपने दोस्त की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की.

अरुण गोविल और अरविंद त्रिवेदी के साथ भी थे खास संबंध

सुनील लहरी ने अपने दिवंगत मित्र के साथ बिताए कई यादगार पलों की तस्वीरें भी साझा की हैं. तस्वीरों में अरुण गोविल और दिवंगत अभिनेता अरविंद त्रिवेदी भी नजर आ रहे हैं. पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस ने मयंक को श्रद्धांजलि दी और सुनील लहरी को इस कठिन समय में हिम्मत बनाए रखने की सलाह दी. कई लोगों ने लिखा कि ऐसे सच्चे दोस्त की कमी कभी पूरी नहीं हो सकती.

खेती और प्रोडक्शन के काम में व्यस्त हैं सुनील लहरी

सुनील लहरी पिछले कई वर्षों से अभिनय की दुनिया से दूर हैं. फिलहाल वह अपने प्रोडक्शन हाउस की जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं. इसके अलावा वह अपने फार्महाउस पर खेती भी करते हैं, जहां फलों, सब्जियों और काजू जैसी फसलों की खेती होती है. सोशल मीडिया पर वह काफी सक्रिय रहते हैं और अक्सर ‘रामायण' से जुड़े दिलचस्प किस्से, पुरानी यादें और सामाजिक मुद्दों पर अपनी राय प्रशंसकों के साथ साझा करते रहते हैं.

यह भी पढ़ें: बारिश के मौसम में सुनिए बॉलीवुड के 5 एवरग्रीन सॉन्ग्स, लता-किशोर की आवाज बना देगी मानसून को और भी खूबसूरत
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sunil Lahri, TV, Entertainment
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com