समय रैना का चर्चित कॉमेडी शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट' एक बार फिर वापसी के लिए तैयार है. शो के दूसरे सीजन का प्रोमो रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा तेज हो गई है. खास बात यह है कि इस बार शो केवल यूट्यूब तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि नेटफ्लिक्स पर भी स्ट्रीम किया जाएगा. प्रोमो में समय रैना अपने अंदाज में शो की वापसी का ऐलान करते नजर आते हैं, जबकि उनके साथ दिखने वाले किरदारों की मजेदार नोकझोंक ने वीडियो को और भी दिलचस्प बना दिया है. प्रोमो सामने आते ही फैंस उत्साहित दिखे, वहीं कुछ लोगों ने शो और उसके कंटेंट को लेकर सवाल भी उठाने शुरू कर दिए हैं.
नेटफ्लिक्स और यूट्यूब पर एक साथ आएगा शो
प्रोमो वीडियो में ‘द हैबिटैट' के मालिक बलराज घई समय रैना से पूछते हैं कि क्या सच में ‘इंडियाज गॉट लेटेंट' का नया सीजन नेटफ्लिक्स पर आने वाला है. जब समय इसकी पुष्टि करते हैं तो मजाकिया अंदाज में उन पर यूट्यूब को छोड़ने का आरोप लगाया जाता है. इसी बीच शो के चर्चित बाउंसर अमीन खान की एंट्री होती है और माहौल और मजेदार बन जाता है.
It's SAMAY For A Big Reveal ⏰👀
— Netflix India (@NetflixIndia) June 19, 2026
Watch India's Got Latent Season 2, coming soon, on Netflix pic.twitter.com/bgU8PXhZmj
बात बढ़ते-बढ़ते बहस तक पहुंच जाती है, लेकिन समय बीच में हस्तक्षेप करते हुए साफ करते हैं कि शो नेटफ्लिक्स और यूट्यूब दोनों प्लेटफॉर्म पर एक साथ रिलीज होगा. इतना ही नहीं, दोनों जगह एपिसोड एक ही समय, एक ही टाइम और एक ही फॉर्मेट में उपलब्ध होंगे. इस घोषणा ने फैंस को चौंका दिया क्योंकि आमतौर पर ओटीटी और यूट्यूब रिलीज में समय का अंतर देखने को मिलता है.
‘हमारे शो में कोई फिल्टर नहीं होता'
जब सवाल उठता है कि अगर सब कुछ एक जैसा रहेगा तो लोग नेटफ्लिक्स पर शो क्यों देखेंगे, तब समय रैना अपने अंदाज में जवाब देते हैं कि वहां एड्स नहीं आते. इसी दौरान नेटफ्लिक्स की तरफ से मौजूद शख्स मजाक में कहता है कि वहां कमेंट सेक्शन भी नहीं होता, इसलिए लोगों की गालियां नहीं सुननी पड़ेंगी. इस पर समय का जवाब सबसे ज्यादा चर्चा में रहा. उन्होंने कहा कि गालियां तो मिलेंगी, लेकिन इस बार वे खुद देंगे क्योंकि उनके शो में कोई फिल्टर नहीं होता. यह डायलॉग सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. समय ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए यह भी बताया कि शो का नया सीजन शनिवार शाम 7 बजे से दर्शकों के लिए उपलब्ध होगा.
सोशल मीडिया पर बंटे लोगों के रिएक्शन
प्रोमो रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई. कुछ लोगों ने शो की वापसी का स्वागत किया और इसे मनोरंजन की दुनिया की बड़ी वापसी बताया. वहीं कई यूजर्स ने शो की भाषा और कंटेंट को लेकर नाराजगी भी जताई. एक यूजर ने मजाक में लिखा कि नेटफ्लिक्स की लीगल टीम इस समय कैलकुलेटर लेकर बैठी होगी और भविष्य के विवादों का हिसाब लगा रही होगी. वहीं कुछ लोगों ने कहा कि समय रैना के साथ नेटफ्लिक्स भी विवादों में फंस सकता है. कई यूजर्स ने इसे बोल्ड और बेबाक कंटेंट की वापसी बताया, जबकि कुछ ने इसकी आलोचना भी की.
यह भी पढ़ें: दूरदर्शन का वो शो, जिसकी दादी की मौत सुन भड़क गए थे लोग, चैनल को आ गई थी चिट्ठियों की बाढ़, बदलनी पड़ी थी कहानी
गौरतलब है कि पहले सीजन के दौरान रणवीर अल्लाहबादिया से जुड़े विवाद ने भी काफी सुर्खियां बटोरी थीं. अब नए सीजन की घोषणा के साथ एक बार फिर शो चर्चा के केंद्र में आ गया है और फैंस इसके पहले एपिसोड का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं