विज्ञापन

31 साल पहले महेश भट्ट ने बनाया था दूरदर्शन का पहला शो, जिसने पूरे किए थे 500 एपिसोड, बॉलीवुड को मिले थे 24 सुपरस्टार्स

महेश भट्ट का ‘स्वाभिमान’ भारतीय टीवी का पहला 500 एपिसोड पूरा करने वाला शो था, जिसने मनोज बाजपेयी, आशुतोष राणा समेत कई कलाकारों को नई पहचान दिलाई. इस शो से बॉलीवुड को 24 दिग्गज सितारे मिले थे.

31 साल पहले महेश भट्ट ने बनाया था दूरदर्शन का पहला शो, जिसने पूरे किए थे 500 एपिसोड, बॉलीवुड को मिले थे 24 सुपरस्टार्स
दूरदर्शन के शो स्वाभिमान ने पूरे किए थे 500 एपिसोड

1995 में जब भारतीय टेलीविजन पर सास-बहू ड्रामों का दौर शुरू भी नहीं हुआ था, तब दूरदर्शन पर एक ऐसा शो आया जिसने टीवी की कहानी कहने का तरीका बदल दिया. महेश भट्ट के निर्देशन में बना ‘स्वाभिमान' उस दौर का सबसे चर्चित डेली सोप बना और इतिहास रचते हुए 500 एपिसोड पूरे करने वाला देश का पहला टीवी शो कहलाया. रिश्तों, लालच, सत्ता, प्यार और विश्वासघात पर आधारित इसकी कहानी ने दर्शकों को लंबे समय तक बांधे रखा. यही वजह है कि 31 साल बाद भी इस शो का जिक्र भारतीय टीवी के सबसे यादगार धारावाहिकों में किया जाता है.

500 एपिसोड पूरे करने वाला पहला भारतीय टीवी शो

‘स्वाभिमान' की कहानी श्वेतलाना नाम की एक महिला के इर्द-गिर्द घूमती थी, जिसकी जिंदगी बिजनेस टायकून केशव मल्होत्रा की मौत के बाद पूरी तरह बदल जाती है. विरासत, संपत्ति, रिश्तों की साजिश और सत्ता की लड़ाई के बीच वह अपने सम्मान और अधिकार के लिए संघर्ष करती है. शो में हर किरदार की अपनी अहम भूमिका थी, जिसने दर्शकों को भावनात्मक रूप से जोड़े रखा. दिलचस्प बात यह रही कि प्रसारण के महज पांच एपिसोड बाद ही इसकी लोकप्रियता इतनी बढ़ गई कि मेकर्स ने इसकी सफलता का जश्न मनाने के लिए विशेष पार्टी आयोजित की थी. उस दौर में किसी टीवी शो के लिए यह अपने आप में बड़ी उपलब्धि मानी गई.

इस एक शो से चमक उठे कई बॉलीवुड सितारों के करियर

‘स्वाभिमान' सिर्फ एक सफल टीवी सीरियल नहीं था, बल्कि कई कलाकारों के लिए करियर की पहली बड़ी सीढ़ी भी बना. इस शो में मनोज बाजपेयी, आशुतोष राणा, रोहित रॉय, शरद कपूर, संध्या मृदुल, कुमुद मिश्रा, सिमोन सिंह, अरुण बाली, मुकेश खन्ना, अंजू महेंद्रू, दीपक पाराशर, करण ओबेरॉय, तनाज करीम, मीता वशिष्ठ, शिशिर शर्मा, किरण जुनेजा, अभिमन्यु सिंह, अनुपम भट्टाचार्य समेत कई कलाकार नजर आए. इनमें से कई नाम आगे चलकर बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री के बड़े चेहरे बने. खासतौर पर मनोज बाजपेयी और आशुतोष राणा के लिए यह शो उनके करियर का अहम पड़ाव साबित हुआ.

आज कहां हैं ‘स्वाभिमान' के कलाकार?

शो की मुख्य अभिनेत्री किट्टू गिडवानी ने श्वेतलाना का दमदार किरदार निभाया था. बाद में उन्होंने कई फिल्मों और टीवी सीरियलों में काम किया. मनोज बाजपेयी आज हिंदी सिनेमा के सबसे सम्मानित अभिनेताओं में गिने जाते हैं, जबकि आशुतोष राणा फिल्मों और ओटीटी पर लगातार सक्रिय हैं. रोहित रॉय टीवी और वेब सीरीज में नजर आते रहते हैं. कुमुद मिश्रा, शिशिर शर्मा और सिमोन सिंह जैसे कलाकार भी फिल्मों और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपनी मजबूत पहचान बनाए हुए हैं. यही वजह है कि ‘स्वाभिमान' को आज भी ऐसा शो माना जाता है, जिसने भारतीय मनोरंजन जगत को कई यादगार कलाकार दिए.

यह भी पढ़ें: 6 फुट 3 इंच कद, 105 किलो वजन, ना घर ना ठिकाना, काम चुटकियों में क्राइम सॉल्व करना, 12 अगस्त को प्राइम वीडियो नए सीजन की दस्तक
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Doordarshan, Swabhimaan, Mahesh Bhatt, Television, Entertainment
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com