अप्सराओं की रानी के शाही अंदाज में टेलीविजन पर लौट रही हैं अविका गोर! स्टार प्लस की नई अलौकिक गाथा ‘अप्सरा' का टेलीकास्ट आज(19 अक्टूबर) से शुरू हो रहा है. शो के भव्य पहले एपिसोड में अविका एक ऐसे किरदार में नजर आएंगी, जिसमें शक्ति और गरिमा के साथ भावनाओं की गहराई भी देखने को मिलेगी. समुद्र मंथन से प्रेरित इस कहानी में उनका यह खास अंदाज दर्शकों को एक जादुई दुनिया से रूबरू कराएगा. मुक्ता धोंड के इस शो की कहानी सुनेहरी के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका किरदार समीक्षा जायसवाल निभा रही हैं.
अमृत की रक्षा करने और अपनों को बचाने के लिए सुनेहरी बुरी शक्तियों से मुकाबला करती है. पारस कलनावत, अनुष्का मर्चेंडे और अदा खान भी इस शो का हिस्सा हैं. रहस्य, रोमांच और रिश्तों के भावनात्मक ताने-बाने से सजी इस दुनिया में फर्ज और प्यार के बीच हर कदम पर साहस की परीक्षा होगी. इस किरदार को चुनने की वजह बताते हुए अविका कहती हैं, “मेरे लिए हमेशा किरदार और कहानी ज्यादा मायने रखते हैं. मैं किस मीडियम में काम कर रही हूं, यह कभी मेरे फैसले की सबसे बड़ी वजह नहीं रहा. जब मुझे इस किरदार के बारे में पता चला तो उसकी लेयर्स ने मुझे इम्प्रेस किया. वह शक्तिशाली है, उसकी मौजूदगी का अपना प्रभाव है, लेकिन उसकी अपनी कमजोरियां भी हैं. इस किरदार ने मुझे रोमांस और एक्शन से लेकर भावुक सीन और नृत्य तक, बहुत कुछ करने का मौका दिया.”
‘अप्सरा' की इस काल्पनिक दुनिया का हिस्सा बनने के लिए अविका ने खास कॉस्ट्यूम, जूलरी और साज-सज्जा के साथ एक नया रूप भी अपनाया. उनके लिए इस अंदाज में ढलना अपने आप में एक खास अनुभव रहा. उनके लुक की हर बारीकी ने उन्हें किरदार को महसूस करने और उसमें उतरने में मदद की. शो की भव्य और अनूठी दुनिया का क्रेडिट वह मुक्ता धोंड और विक्रम घई को देती हैं. साथ ही, वह बताती हैं कि मनीष और अदा खान के साथ काम करने से यह अनुभव और भी यादगार बन गया.
यह भी पढ़ें: 33 साल पुराना करवाचौथ का गाना, अक्षय कुमार पर फिल्माया, सुहासिनी की आवाज और समीर के कालजयी बोल बना गए सदाबहार
हालांकि, इस सफर में अविका के लिए सबसे खास बात रही टेलीविजन पर लौटना. अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए वह कहती हैं, “एक कलाकार के तौर पर मैंने बहुत कुछ टेलीविजन से सीखा है. यहीं मुझे खुद को निखारने और आगे बढ़ने के मौके मिले. वापस आकर एक बार फिर एहसास हुआ कि आप कितना भी आगे बढ़ जाएं, खुद को कितना भी बदलें या अलग-अलग मीडियम में काम करें, अपनी जड़ों को कभी नहीं भूलना चाहिए.”
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं