Cyber Fraud With Bollywood Actor: मायानगरी मुंबई में बॉलीवुड अभिनेता भी साइबर ठगों के शिकार हो रहे हैं. ताजा मामला नामी अभिनेता राहुल सिंह तोमर से जुड़ा है, जिन्हें एसबीआई बैंक का कर्मचारी बनकर साइबर ठगों ने चूना लगाया. अभिनेता के पास अंधरी इलाके से साइबर ठगों का फोन आया और अभिनेता ने बिना पड़ताल किए अपनी निजी जानकारी दे दी, जिसके चलते वो आसानी से साइबर ठगी के शिकार हो गए.
बिना पड़ताल किए एक्टर ने अज्ञात कॉलर को साझा कर दी निजी जानकारी
रिपोर्ट के मुताबिक बिना पड़ताल किए एक कॉलर को निजी जानकारी साझा करने का खामियाजा अभिनेता को तब पता चला, जब उसके मोबाइल पर 85 हजार रुपए की निकासी का पहला मैसेज आया. अभिनेता का माथा एकमुश्त 85 हजार रुपए खाते से निकाले जाने का मैसेज देख ठनका, जो किसी 'डोंगरी सुप्रिया' नाम के खाते में ट्रांसफर किया गया था. अभिनेता को समझते देर नहीं लगी कि वह साइबर ठगी का शिकार हो गया है.
ऑनलाइन धोखाधड़ी का एहसास होते ही एक्टर ने खाता ब्लॉक कराया वरना
ऑनलाइन धोखाधड़ी का एहसास होते ही एक्टर ने समझदारी दिखाते हुए तुरंत बैंक के कस्टमर केयर से संपर्क कर अपना खाता ब्लॉक कराया. अभिनेता ने मामले की शिकायत साइबर फ्रॉड हेल्पलाइन नंबर 1930 पर भी दर्ज कराई. जांच में पता चला कि एक्टर के गूगल पे ऐप के माध्यम से एक यूपीआई आईडी का उपयोग कर यह लेन-देन किया गया था.
पूरा अकाउंट खाली करने वाले थे ठग, लेकिन एक्टर की समझदारी ने बचाया
अभिनेता की समझदारी रंग लाई वरना ठग उनका पूरा अकाउंट खाली करने की जुगत में थे. ठगों ने एक बार 12 हजार, फिर एक बार 10 हजार और आखिर में 9,999 रुपए के लेन-देन की कोशिश की, लेकिन समय पर खाता ब्लॉक होने के कारण साइबर ठग सफल नहीं हो सके. मामले में पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है.














