विज्ञापन

Women's Day 2026: ताकत, हार्मोन या आदतें, आखिर महिलाएं पुरुषों से ज्यादा लंबा क्यों जीती हैं? जानिए क्या कहता है साइंस

Women's Day 2026: हाल के सालों में कई मेडिकल और बायोलॉजिकल स्टडीज ने इस सवाल के जवाब खोजने की कोशिश की है. आइए जानते हैं क्या है इसके पीछे का साइंस.

Women's Day 2026: ताकत, हार्मोन या आदतें, आखिर महिलाएं पुरुषों से ज्यादा लंबा क्यों जीती हैं? जानिए क्या कहता है साइंस
वैज्ञानिक लंबे समय से यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि ऐसा क्यों होता है.

Women's Day 2026: दुनिया के लगभग हर देश में एक दिलचस्प फैक्ट सामने आता है. महिलाएं औसतन पुरुषों से ज्यादा लंबा जीवन जीती हैं. कई देशों में यह अंतर 4 से 7 साल तक पाया गया है. वैज्ञानिक लंबे समय से यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि ऐसा क्यों होता है. क्या यह केवल लाइफस्टाइल का असर है या इसके पीछे शरीर की बनावट, हार्मोन और जीन जैसे गहरे जैविक कारण हैं? हाल के सालों में कई मेडिकल और बायोलॉजिकल स्टडीज ने इस सवाल के जवाब खोजने की कोशिश की है. शोध बताते हैं कि महिलाओं का इम्यून सिस्टम, हार्मोनल स्ट्रक्चर और व्यवहारिक आदतें मिलकर उन्हें कई बीमारियों से बेहतर तरीके से बचाती हैं. इसी वजह से उनकी औसत आयु पुरुषों से ज्यादा होती है. क्या वाकई यही कारण है कि महिलाएं, पुरुषों से ज्यादा जीती हैं? आइए जानते हैं क्या कहता है साइंस. 

महिलाओं का पुरुषों से ज्यादा लंबा जीवन जीने की वजह | Reason Why Women Live Longer Than Men

1. महिलाओं का इम्यून सिस्टम होता है ज्यादा मजबूत

वैज्ञानिकों के अनुसार महिलाओं का इम्यून सिस्टम (Immune System) पुरुषों की तुलना में ज्यादा सक्रिय होता है. इसका मतलब है कि उनका शरीर, संक्रमण और कई बीमारियों से बेहतर तरीके से लड़ सकता है. एक वैज्ञानिक अध्ययन में बताया गया कि महिलाओं का शरीर हर उम्र में पुरुषों की तुलना में ज्यादा मजबूत पाया गया है. इसी कारण कई गंभीर बीमारियों में पुरुषों की मृत्यु दर ज्यादा होती है.

Latest and Breaking News on NDTV

2. एस्ट्रोजन हार्मोन देता है सुरक्षा

महिलाओं के शरीर में पाया जाने वाला हार्मोन एस्ट्रोजन (Estrogen) हार्ट और ब्लड वेसल्स को सुरक्षित रखने में मदद करता है. कई शोध बताते हैं कि यह हार्मोन दिल की बीमारियों और स्ट्रोक के खतरे को कम कर सकता है. यही कारण है कि युवा महिलाओं में हार्ट अटैक का जोखिम पुरुषों की तुलना में कम देखा जाता है.

3. दो X क्रोमोसोम का फायदा

महिलाओं के पास दो X क्रोमोसोम (XX) होते हैं, जबकि पुरुषों के पास XY होते हैं. वैज्ञानिकों का मानना है कि दो X क्रोमोसोम होने से महिलाओं के शरीर को आनुवंशिक सुरक्षा मिलती है. अगर किसी एक X क्रोमोसोम में खराब जीन हो, तो दूसरा X उसकी भरपाई कर सकता है. यह जेनेटिक बैकअप उन्हें कई आनुवंशिक समस्याओं से बचा सकता है.

4. जोखिम भरे व्यवहार पुरुषों में ज्यादा

वैज्ञानिकों ने यह भी पाया है कि लाइफस्टाइल का बड़ा असर पड़ता है. अध्ययन बताते हैं कि पुरुषों में धूम्रपान, शराब सेवन, जोखिम भरे काम या दुर्घटनाओं की संभावना ज्यादा होती है, जिससे उनकी मृत्यु दर बढ़ती है. इसके विपरीत महिलाएं अक्सर स्वास्थ्य का ज्यादा ध्यान रखती हैं और समय-समय पर डॉक्टर से जांच भी कराती हैं.

Latest and Breaking News on NDTV

5. बीमारियों का पैटर्न भी अलग होता है

शोध यह भी बताते हैं कि पुरुषों में अक्सर घातक बीमारियां, जैसे हार्ट डिजीज या फेफड़ों की बीमारी ज्यादा होती हैं, जबकि महिलाओं में ज्यादातर गैर-घातक लेकिन लंबे समय तक रहने वाली बीमारियां होती हैं. यानी महिलाएं बीमारियों के साथ भी लंबे समय तक जीवित रह सकती हैं, जबकि पुरुषों में घातक रोगों से मृत्यु का खतरा ज्यादा होता है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com