घर का एक छोटा सा कोना भी अगर अच्छे से सजाया जाए, तो वो पूरे आशियाने की खूबसूरती में चार चांद लगा देता है. अक्सर लोग सोचते हैं कि घर या बालकनी का मेकओवर करने के लिए जेब पर भारी खर्च करना पड़ेगा, लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो ने इस सोच को पूरी तरह बदल दिया है. मात्र 500 रुपये के बजट में एक महिला ने अपनी साधारण सी दिखने वाली बालकनी को ऐसा आलीशान और मॉडर्न लुक दिया है कि देखने वाले भी हैरान हैं. अगर आप भी कम बजट में अपने घर के इस खास हिस्से को नया और फ्रेश लुक देना चाहते हैं, तो इन आसान और पॉकेट-फ्रेंडली डेकोर टिप्स की मदद से अपनी बालकनी का शानदार मेकओवर कर सकते हैं.
बालकनी का कैसे करें मेकओवर?
इस वीडियो को यूट्यूब पर @DelhiDudes चैनल से शेयर किया गया है. वीडियो में मीना हरीसिंघानी जो पेशे से डॉक्टर हैं, उन्होंने बताया कि कैसे छोटी सी बालकनी को कम खर्च में उन्होंने शानदार बना दिया है. उन्होंने अपनी बालकनी को जंगल लुक दिया है. अगर आप भी अपनी बालकनी का मेकओवर करने की सोच रहे हैं तो ये टिप्स अपना सकते हैं.
ऐसे दें जंगल लुक

Photo Credit: सोशल मीडिया
डॉक्टर मीना बताती हैं कि उन्होंने बालकनी को जंगल लुक दिया है. इसके लिए उन्होंने रस्सी की मदद से जानवर वाले टॉय टांगे हुए हैं, जो देखने में एकदम असली लग रहे हैं. साथ ही वे बताती हैं कोयल ने एक घोंसला बनाया हुआ है जिसमें वह रोज आती है. आप भी अपनी बालकनी में ये आइडिया अपना सकते हैं. ये टॉय आपको आसानी से किसी भी मार्केट में बेहद सस्ते मिल जाएंगे.
यू सजाएं सिंपल तुलसी का पौधा
डॉ. मनी ने बताया कि उन्होंने अपनी बालकनी में तुलसी का पौधा लगाया है. पौधे की सादगी और खूबसूरती को और बढ़ाने के लिए उन्होंने उसके पास एक छोटी-सी गाय की सजावटी मूर्ति भी रखी है. ऐसे में आप भी सिंपल सी बालकनी को और शानदार बनाने के लिए इस तरह की छोटी-छोटी सजावटी चीजों का इस्तेमाल कर सकते हैं.

सोलर लाइट्स करेंगी मदद
बालकनी के एंट्रेंस के सामने डॉ मनी ने दो हाथी के आकार वाले गमले रखे हैं. इसमें उन्होंने सोलर लाइट्स भी लगाई हैं. मनी बताती हैं कि ये लाइट रात में काफी ज्यादा सुंदर लगती हैं. आप भी अपनी बालकनी में लाइटिंग के लिए इन सोलर लाइट का इस्तेमाल कर सकते हैं. ये बाजार में आपको आसानी से कम पैसों में मिल जाएंगी.
कौन-कौन से पौधे लगाएं?
डॉ मनी ने बताया कि उनकी बालकनी में धूप काफी कम आती है, जिसके कारण फूलों वाले पौधे लगाना मुमकिन नहीं है. ऐसे में उन्होंने अपनी बालकनी में जेड प्लांट, फर्न, कैक्टस, स्पाइडर प्लांट, बैंबू समेत अन्य कई पौधे लगाए हैं. इन पौधों की खास बात ये हैं कि इनकी ज्यादा देखभाल की जरूरत नहीं होती है. साथ ही ये पौधे काफी सस्ते नर्सरी में मिल जाते हैं.

वेस्ट चीजों से करें कमाल
घर की चीजों का इस्तेमाल करते हुए भी डॉ मनी ने अपनी बालकनी को सजाया हुआ है. उन्होंने पत्थर को पेंट किया है और उसपर इमोजी बनाकर गमलों के बीच रखा है. इसके अलावा खाली पड़े डिब्बों को उन्होंने पेंट किया और गमलों की तरह इस्तेमाल किया है. आप भी घर की वेस्ट चीजों को पेंट कर उन्हें घर की बालकनी को सजाने में मदद कर सकते हैं.
इसके अलावा लुक में और ज्यादा चार-चांद लगाने के लिए उन्होंने अपनी बालकनी में ट्रे गार्डनिंग भी की है. डॉ मनी ने एक ट्रे में कई पौधे उगाए हैं और कुछ सजावटी चीजें रखी हैं. इसके अलावा उन्होंने एक वॉटरफॉल सीनरी भी लगाई है जो उनकी बालकनी को सुंदर बना रही है.
यह भी पढ़ें: मानसून में घर ले आएं ये 4 इंडोर प्लांट्स, दूर रहेंगे कीट-पतंगे और मच्छर, हवा भी रहेगी साफ
यह भी पढ़ें: मानसून में कर रहे हैं हिल स्टेशन घूमने की प्लानिंग? ये 4 जगहें रहेंगी सेफ, मजेदार हो जाएगी ट्रिप
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं