तुलसी को हिंदू धर्म में बहुत ही पवित्र माना जाता है. आपको हर भारतीय घर के आंगन या बालकनी में तुलसी का पौधा जरूर मिल जाएगा. तुलसी न सिर्फ धार्मिक रूप से महत्वपूर्ण है, बल्कि सेहत के लिए भी फायदेमंद हैं. लेकिन कई बार आपने देखा होगा कि बहुत देखभाल के बाद भी तुलसी सूख जाती है या उसके पत्ते काले होकर गिरने लगते हैं.
अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. बस आपको कुछ आसान और असरदार तरीके अपनाने हैं. तो चलिए जानते हैं उन हैक्स के बारे में.
तुलसी को सूखने से बचाने के लिए क्या करें- (Tulsi Ko Sukhne Se Kaise Bachaye)
1. अधिक पानी डालने से बचें-
कई लोग तुलसी के पौधे में रोज भर-भरकर पानी डालते हैं, खासकर तब जब वे इसकी पूजा करते हैं. जरूरत से ज्यादा पानी तुलसी की जड़ों को सड़ा देती है.
क्या करें- तुलसी के गमले की मिट्टी को छूकर देखें. अगर मिट्टी ऊपर से सूखी लगे, तभी पानी डालें. गमले के नीचे एक छोटा सा छेद जरूर होना चाहिए ताकि फालतू पानी बाहर निकल सके.
2. मंजरी को हटाएं-
जब तुलसी के पौधे पर हरी या भूरी मंजरी यानि बीज आने लगती है, तो पौधा धीरे-धीरे सूखने लगता है? ऐसा इसलिए होता है क्योंकि पौधा अपनी पूरी एनर्जी उन बीजों को बनाने में लगा देता है.
क्या करें- जैसे ही पौधे पर मंजरी आए, उसे कैंची से या उंगली से काटकर अलग कर दें. इसे गार्डनिंग की भाषा में पिंचिंग कहते हैं. मंजरी हटाने से पौधे में नई पत्तियां और डालियां निकलती हैं और पौधा एकदम घना हो जाता है.
3. नीम का पानी-
तुलसी के पत्तों पर छोटे-छोटे काले या सफेद कीड़े लग जाते हैं, जिससे पत्तियां खराब होने लगती हैं.
क्या करें- इसके लिए किसी केमिकल वाली दवाई का इस्तेमाल न करें. आप घर पर ही नीम के पत्तों को पानी में उबाल लें. जब पानी ठंडा हो जाए, तो इसे एक स्प्रे बोतल में भरकर तुलसी के पत्तों पर छिड़कें. हफ्ते में एक बार ऐसा करने से सारे कीड़े गायब हो जाएंगे.
4. धूप दिखाएं-
तुलसी के पौधे को ऐसी जगह रखें जहां धूप आती हो. अगर तुलसी जहां रखी वहां धूप नहीं आती, तो आप रोज कुछ घंटे की धूप जरूर दिखाएं.
ये भी पढ़ें-
बचेंगे माली को देने वाले पैसे, पौधे को हरा-भरा रखेंगी किचन में मौजूद ये चार चीजें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं