How to Load Washing Machine: आज के समय में वॉशिंग मशीन हर घर की जरूरत बन चुकी है. इससे समय भी बचता है और मेहनत भी कम होती है. लेकिन, कई लोग जल्दबाजी में कपड़े धोते वक्त ऐसी छोटी गलती कर बैठते हैं, जिसका असर सीधे कपड़ों की क्वालिटी पर पड़ता है. आपने भी देखा होगा कि कुछ कपड़े सिर्फ कुछ महीनों में फीके पड़ जाते हैं, उनकी सिलाई ढीली हो जाती है या फैब्रिक खुरदुरा लगने लगता है. लोग अक्सर इसकी वजह डिटर्जेंट या मशीन को मानते हैं, जबकि असली कारण कुछ और होता है. दरअसल, वॉशिंग मशीन में जरूरत से ज्यादा कपड़े भर देना सबसे बड़ी गलती मानी जाती है. यही एक आदत धीरे-धीरे आपके महंगे कपड़ों को खराब कर देती है. अगर आप चाहते हैं कि आपके कपड़े लंबे समय तक नए जैसे दिखें, तो इस गलती को समझना बेहद जरूरी है.
मशीन में ज्यादा कपड़े भरना क्यों है नुकसानदायक?
कई लोग सोचते हैं कि एक बार में ज्यादा कपड़े धो लेने से बिजली और समय दोनों बचेंगे. लेकिन ऐसा करने से कपड़े अच्छी तरह साफ नहीं हो पाते. जब मशीन में जरूरत से ज्यादा कपड़े भर दिए जाते हैं, तो उन्हें घूमने की पर्याप्त जगह नहीं मिलती. इसकी वजह से कपड़ों पर ज्यादा रगड़ पड़ती है और फैब्रिक जल्दी कमजोर होने लगता है. इतना ही नहीं, ओवरलोड मशीन के मोटर और ड्रम पर भी दबाव डालता है. इससे मशीन की लाइफ भी कम हो सकती है.
ये भी पढ़ें: RO से निकलने वाला पानी फेंकना बंद करें! घर के इन 4 कामों में करें इस्तेमाल, बचेगा हजारों लीटर पानी

कपड़ों की चमक क्यों हो जाती है गायब?
जब कपड़े जरूरत से ज्यादा भरे होते हैं, तो डिटर्जेंट ठीक तरह से घुल नहीं पाता. उसका कुछ हिस्सा कपड़ों पर ही रह जाता है. यही कारण है कि कुछ दिनों बाद कपड़े फीके और बेजान दिखने लगते हैं.
खासतौर पर काले, नीले और रंगीन कपड़ों पर इसका असर जल्दी दिखता है. बार-बार रगड़ लगने से कपड़ों का रंग उतरने लगता है और वे पुराने दिखाई देने लगते हैं.
कौन-से कपड़े सबसे जल्दी खराब होते हैं?
नाजुक फैब्रिक वाले कपड़े सबसे ज्यादा प्रभावित होते हैं. जैसे कॉटन टी-शर्ट, जिम वियर, सिल्क या रेयॉन, ऊनी कपड़े, बच्चों के कपड़े. इन कपड़ों को ज्यादा भीड़ में धोने से उनकी फिटिंग और सॉफ्टनेस दोनों खराब हो सकती हैं.
ये भी पढ़ें: घर में पौधे नहीं फिर भी चाहिए नेचर वाली फील? ये 3 स्मार्ट ट्रिक्स बदल देंगी पूरा घर, हर कोना लगेगा ग्रीन-ग्रीन!
सही तरीका क्या है?
विशेषज्ञों के अनुसार मशीन का ड्रम कभी भी पूरी तरह नहीं भरना चाहिए. उसमें लगभग 70 से 75 प्रतिशत तक ही कपड़े डालने चाहिए. इससे कपड़ों को घूमने की जगह मिलती है और वे बेहतर तरीके से साफ होते हैं.
साथ ही इन बातों का भी ध्यान रखें:
- भारी और हल्के कपड़े अलग-अलग धोएं.
- ज्यादा डिटर्जेंट इस्तेमाल न करें.
- कपड़ों के टैग पर दिए निर्देश जरूर पढ़ें.
- नाजुक कपड़ों के लिए जेंटल मोड़ चुनें.
- बहुत गंदे कपड़ों को पहले हल्का साफ कर लें.
कई बार छोटी-सी सावधानी आपके कपड़ों की उम्र कई महीनों तक बढ़ा सकती है. अगर आप चाहते हैं कि आपके कपड़े लंबे समय तक नए जैसे दिखें, तो वॉशिंग मशीन को ओवरलोड करने की गलती बिल्कुल न करें. सही मात्रा में कपड़े डालने से न सिर्फ कपड़े सुरक्षित रहते हैं, बल्कि मशीन भी बेहतर तरीके से काम करती है.
और पढ़ें:
भारत में दूध के पैकेटों पर नीले, हरे और नारंगी रंग क्यों होते हैं? कौन सा दूध आपके लिए परफेक्ट?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं