हर माता-पिता चाहते हैं कि उनका बच्चा समझदार बनें, बच्चा चीजों को जल्दी समझ और सीख पाए. इसके लिए पेरेंट्स बच्चे की पढ़ाई पर सबसे अधिक ध्यान देते हैं. लेकिन पढ़ाई से अलग कुछ और छोटी-छोटी बातों पर ध्यान देकर भी आप अपने बच्चे को बहुत कुछ सिखा सकते हैं. पेरेंटिंग एक्सपर्ट मोनिका साहा ने अपने इंस्टाग्राम हैंलड पर एक पोस्ट शेयर की है. अपनी इस पोस्ट में वे बताती हैं, अगर आपका बच्चा अभी एक साल का है, तो आप उसे 8 सिंपल चीजें सीखा सकते हैं. 1 साल की उम्र में बच्चा अपने आसपास की चीजों को देखकर, सुनकर और उन्हें दोहराकर बहुत कुछ सीखता है. अच्छी बात यह है कि आप इन चीजों को खेल-खेल में बच्चे को सीखा सकते हैं. आइए जानते हैं इनके बारे में-
नंबर 1- बॉडी पार्ट्स के नाम
एक्सपर्ट कहती हैं, बच्चे को बातों-बातों में बॉडी पार्ट्स के नाम लेकर बताएं. जैसे खेल-खेल में बच्चे से कहें कि 'ये मेरी नाक है, तुम्हारी नाक कहां है?' या 'हम अपने हाथों से खाना खाते हैं, ये हमारे हाथ हैं.'
नंबर 2- रोज इस्तेमाल होने वाली चीजों के नाम सिखाएंबच्चा जिन चीजों को रोज देखता और इस्तेमाल करता है, उनके नाम बोलते रहें. जैसे- बॉल, कार, किताब, कप, चम्मच आदि. चीज का इस्तेमाल करते समय आप बच्चे के सामने उसका नाम ले सकते हैं. इससे बच्चा कम उम्र में चीजों को पहचानना सीखता है.
नंबर 3- जानवर और उनकी आवाजें बताएंआप किताबों या तस्वीरों की मदद से बच्चे को जानवरों से परिचित करा सकते हैं. बच्चे को जानवर की फोटो दिखातर उसकी आवाज के बारे में बताएं. जैसे- ये कुत्ता है, कुत्ता भौं-भौं करता है, बिल्ली-म्याऊं करती है, बत्तख-क्वैक और शेर-दहाड़ता है. मौका मिले तो आप असली जानवर दिखाकर भी उसके बारे में बात कर सकते हैं.
नंबर 4- रंगों से कराएं पहचानअपने बच्चे को अलग-अलग रंग दिखाकर उनके नाम बताएं. जैसे- आप खेलते समय बच्चे से कह सकते हैं कि 'देखो, ये लाल गेंद है', कपड़े पहनाते समय बच्चे को बता सकते हैं कि 'आज आपने पीले रंग की शर्ट पहनी है.' इससे बच्चा रंग पहचानना सीखता है.
नंबर 5- आसान एक्शन शब्द सिखाएंजैसे आप इशारा करते हुए बच्चे से कह सकते हैं- 'आओ', 'बैठो', 'ताली बजाओ', 'हाथ हिलाओ'. शब्द बोलने के साथ वही काम बच्चे को करके भी दिखाएं.
नंबर 6- छोटे-छोटे ऑर्डर देना शुरू करेंबच्चे से छोटे-छोटे और आसान काम करवाएं. जैसे- 'वो गेंद लाओ', 'इस रिमोर्ट को यहां रखो'. वहीं, जब बच्चा आपकी बात माने या कोशिश करे, तो उसकी तारीफ करें.
नंबर 7- चीजों का कारण और असर समझने देंबच्चे को खुद चीजें करने और उनका असर देखने का मौका दें. जैसे- बटन दबाने पर आवाज या लाइट होना, कार धकेलने पर उसका चलना और खिलौना हिलाने पर आवाज आना. इससे बच्चा धीरे-धीरे समझता है कि उसके किसी काम से कुछ होता है.
नंबर 8- छोटे काम खुद करने देंइन सब से अलग एक्सपर्ट बच्चे को छोटे-छोटे काम खुद करने देने की सलाह देती हैं. जैसे- बच्चे को खुद खाना खाने दें, खिलौने रखने दें, पानी पीने दें, किताब के पन्ने पलटने दें. एक्सपर्ट बताती हैं, इन छोटी-छोटी कोशिशों से बच्चे में आत्मविश्वास और खुद काम करने की आदत बढ़ती है.
एक्सपर्ट बताती हैं, इस तरह छोटी-छोटी बातों पर ध्यान देकर आप अपने 1 साल के बच्चे को काफी चीजें सीखा सकते हैं. इससे बच्चे को भाषा की समझ भी होती है, साथ ही बच्चा आपकी बातों पर और अच्छा रिस्पोंस देने लगता है. बस आपको बच्चे को फोर्स नहीं करना है. आप प्यार और धैर्य से अपने बच्चे को इन चीजों को सिखा सकते हैं.
यह भी पढ़ें- बच्चा नींद में डरता है तो क्या करें? Parenting Expert ने बताया सोते-सोते क्यों डरते हैं बच्चे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं