RO वाटर प्यूरीफायर की नियमित सफाई न की जाए तो इसके स्टोरेज टैंक, नल और अन्य हिस्सों में हरे रंग की काई जमने लगती है. यह काई न सिर्फ पानी की गुणवत्ता को खराब करती है, बल्कि मशीन की कार्यक्षमता पर भी असर डालती है. दरअसल, काई किसी भी समय बन सकती है, खासकर तब जब सफाई में लापरवाही हो.
ऐसे में सवाल उठता है कि क्या हर बार इसे साफ करवाने के लिए हजारों रुपये खर्च करना सही है? अगर आपके मन में भी यही सवाल है, तो यह जानकारी आपके लिए काम की है. आज हम आपको एक आसान और देसी तरीका बताने जा रहे हैं, जिससे आप बिना ज्यादा खर्च किए घर पर ही अपने वाटर प्यूरीफायर की सफाई कर सकती हैं.
इस तरीके की मदद से न सिर्फ काई की समस्या को कम किया जा सकता है, बल्कि आप अपनी मशीन को लंबे समय तक सही हालत में भी बनाए रख सकती हैं.
जामुन की लकड़ी कैसे करेगी काम?
जामुन की लकड़ी को मजबूत और टिकाऊ माना जाता है, इसलिए इसका उपयोग पानी या RO सिस्टम में लंबे समय तक किया जा सकता है. माना जाता है कि इस लकड़ी में मौजूद प्राकृतिक गुण पानी में बैक्टीरिया और काई के बनने की गति को कम करने में मदद करते हैं. यही वजह है कि यह जमी हुई काई को धीरे‑धीरे कम करने में सहायक मानी जाती है.
सबसे पहले बिजली और पानी की सप्लाई बंद करें
सफाई शुरू करने से पहले RO का पावर बंद कर दें और पानी की सप्लाई रोक दें, इसके बाद टैंक में मौजूद पानी पूरी तरह निकाल दें, इससे सफाई करना आसान होगा और किसी तरह का जोखिम नहीं रहेगा.
जामुन की लकड़ी का इस्तेमाल कैसे करें?
- टैंक को साफ करने के लिए जामुन की पतली लकड़ी लें.
- इसे अच्छे से धो लें.
- अब जामुन की लकड़ी या टहनी का छिलका उतार लें. 1 से 2 दिन के लिए इसे पानी में दाल दें.
- ध्यान रखें ज्यादा दिन तक इसे पानी में रखने से पानी का स्वाद बिगड़ सकता है.
इसके बाद टैंक की सफाई करें
काई हटाने के बाद मुलायम स्पंज या साफ कपड़े से टैंक को पोंछें. तेज केमिकल, ब्लीच या एसिड का उपयोग न करें, क्योंकि इससे RO के पार्ट्स खराब हो सकते हैं और पानी भी दूषित हो सकता है.
अच्छी तरह पानी से धोना जरूरी
सफाई पूरी होने के बाद टैंक को कई बार साफ पानी से धोएं, इसके बाद RO चालू करें और शुरुआती कुछ लीटर पानी बहा दें. ऐसा करने से अगर कोई धूल या सफाई के दौरान निकले छोटे कण रह गए हों, तो वे बाहर निकल जाएंगे.
बार-बार काई क्यों जमती है?
अगर RO ऐसी जगह लगा है जहां सीधी धूप आती है, तो काई जल्दी बन सकती है. लंबे समय तक टैंक में पानी रुका रहने, समय पर फिल्टर न बदलने और नियमित सर्विस न कराने से भी यह समस्या बढ़ जाती है.
इसे भी पढ़ें: मोगरे के फूलों से भर जाएगा पौधा और महक उठेगा घर, बस अपनाएं गार्डनिंग एक्सपर्ट का ये सीक्रेट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं