How to increase fan speed: गर्मियों में जब सीलिंग फैन भी ठीक से हवा नहीं देता, तो लोग नया पंखा खरीदने की सोच लेते हैं. लेकिन कई मामलों में वजह सिर्फ कैपेसिटर, सफाई या हल्की मेंटेनेंस होती है. अच्छी बात यह है कि 50 रुपये से कम में भी पंखे की स्पीड बेहतर की जा सकती है.
गर्मियों की शुरुआत होते ही घरों में पंखों की असली परीक्षा शुरू हो जाती है. लेकिन अक्सर ऐसा होता है कि सालों पुराने सीलिंग फैन अब पहले जैसी तेज हवा नहीं देते. कई लोग इसे देखकर सीधे नया पंखा खरीदने का सोच लेते हैं, जबकि असल वजह अक्सर बहुत छोटी या मामूली सी होती है. थोड़ी सी समझदारी और काफी कम खर्च में पुराने पंखे की परफॉर्मेंस को काफी हद तक सुधारा जा सकता है. बस आपको कुछ बातों का ध्यान देना है और यहां बताए टिप्स को फॉलो करना है. आइए जानते हैं कैसे-
पंखे का कैपेसिटर बदलकर स्पीड कैसे बढ़ाएं
- सबसे पहला और असरदार तरीका है पंखे का कैपेसिटर बदलना.
- यही वह छोटा पार्ट होता है जो मोटर को सही तरीके से चलने में मदद करता है.
- समय के साथ इसकी कैपेसिटी कम हो जाती है, जिससे पंखा धीरे घूमने लगता है.
- मार्केट में 2.5 माइक्रोफैराड या 3.15 माइक्रोफैराड के कैपेसिटर आमतौर पर मिल जाते हैं और इनकी कीमत करीब 30 से 80 रुपये के बीच होती है.
ध्यान रखने वाली बात यह है कि कंपनी द्वारा सुझाए गए रेंज के आसपास ही कैपेसिटर चुनें, ज्यादा क्षमता वाला कैपेसिटर लगाने से मोटर पर दबाव बढ़ सकता है.
पंखे की सफाई से कैसे सुधार होती है एयरफ्लो में
पंखे की सफाई भी उसकी परफॉर्मेंस ठीक करने में अहम भूमिका निभाती है. लंबे समय तक ब्लेड्स पर जमी धूल पंखे की हवा को कमजोर कर देती है. कई बार लोग इसे स्पीड की समस्या समझ लेते हैं, जबकि असल में एयरफ्लो प्रभावित होता है. सूखे कपड़े से ब्लेड और मोटर के आसपास की धूल हटाने से हवा में तुरंत फर्क महसूस किया जा सकता है.
यहां पढ़ें पंखे को साफ करने के आसानी टिप्स
पंखे में जमा काली परत को अब घंटों रगड़ें नहीं, इस ट्रिक से एक ही बार में चमक जाएगा सीलिंग फैन

बेयरिंग ड्राय होने पर पंखा स्लो क्यों हो जाता है
अगर पंखे से किसी तरह की आवाज आ रही है, तो इसका कारण बेयरिंग का ड्राय होना हो सकता है. ऐसे में हल्का मशीन ऑयल डालने से मूवमेंट स्मूद हो जाता है और पंखा बिना रुकावट घूमता है. हालांकि हर मॉडल में ऑयल डालना आसान नहीं होता, इसलिए सावधानी जरूरी है. गलत जगह तेल डालने से नुकसान भी हो सकता है.
पंखे की ब्लेड से छेड़छाड़ क्यों नहीं करनी चाहिए
कुछ लोग पंखे की ब्लेड को मोड़कर हवा बढ़ाने की सलाह देते हैं, लेकिन ये तरीका ठीक नहीं है. ब्लेड का एंगल पहले से बैलेंसिंग के साथ सेट होता है. इसे बदलने से पंखा हिल सकता है, आवाज कर सकता है और मोटर पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है. इसलिए इस तरह के जुगाड़ से बचना बेहतर है.
कम वोल्टेज में पंखा स्लो चले तो क्या करें
एक और जरूरी पहलू है वोल्टेज. अगर घर में बिजली का वोल्टेज कम है, तो नया कैपेसिटर लगाने के बाद भी पंखे की स्पीड पूरी तरह नहीं बढ़ेगी. ऐसे में समस्या पंखे में नहीं, बल्कि बिजली सप्लाई में होती है और वोल्टेज सही होते ही पंखा बेहतर चलने लगता है.
ऐसे में कहा जा सकता है कि अगर पंखे की समस्या सिर्फ कैपेसिटर या हल्की मेंटेनेंस से जुड़ी है, तो करीब 50 रुपये में ही उसका प्रदर्शन काफी बेहतर किया जा सकता है. लेकिन अगर मोटर या अंदरूनी हिस्से ज्यादा खराब हो चुके हैं, तो फिर मरम्मत या नया पंखा लेना ही बेहतर विकल्प रहता है.
Also Read: बिना पंखे के बालकनी ठंडी कैसे रखें? जानें देसी जुगाड़!
FAQs
पंखा धीरे क्यों घूमने लगता है?
पुराना कैपेसिटर, धूल जमना, बेयरिंग ड्राय होना और कम वोल्टेज इसकी आम वजहें हैं.
क्या 50 रुपये में पंखे की स्पीड बढ़ सकती है?
अगर समस्या कैपेसिटर या सफाई से जुड़ी है, तो कम खर्च में सुधार संभव है.
कैपेसिटर बदलना सुरक्षित है या नहीं?
सही रेटिंग का कैपेसिटर और कनेक्शन जरूरी है, वरना नुकसान हो सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं