विज्ञापन

नेपाल जाने वालों के लिए राहत, अब 200 और 500 रुपये के नोट ले जाने को मंजूरी, जानिए नया नियम

अब भारतीय और नेपाली नागरिक 200 और 500 रुपये के भारतीय नोट नेपाल में ला और वहां से ले जा सकेंगे. एक व्यक्ति अधिकतम 25,000 रुपये तक ही भारतीय मुद्रा अपने साथ रख सकता है.

नेपाल जाने वालों के लिए राहत, अब 200 और 500 रुपये के नोट ले जाने को मंजूरी, जानिए नया नियम
नेपाल में भारतीय नोटों को मंजूरी
file photo

अगर आप नेपाल घूमने जाने की योजना बना रहे हैं या भारत-नेपाल के बीच अक्सर यात्रा करते हैं, तो यह खबर आपके लिए राहत भरी हो सकती है. नोटबंदी के करीब 10 साल बाद नेपाल ने भारतीय मुद्रा को लेकर अपने नियमों में बड़ा बदलाव किया है. अब भारतीय और नेपाली नागरिक 200 और 500 रुपये के भारतीय नोट नेपाल में ला और वहां से ले जा सकेंगे. नेपाल राष्ट्र बैंक ने साफ किया है कि 9 नवंबर 2016 या उसके बाद जारी हुए 200 और 500 रुपये के नोट नेपाल लाने और ले जाने की अनुमति होगी. हालांकि, एक व्यक्ति अधिकतम 25,000 रुपये तक ही भारतीय मुद्रा अपने साथ रख सकता है.

पहले क्या था नियम?

साल 2016 में भारत में नोटबंदी के बाद नेपाल ने भारतीय मुद्रा के इस्तेमाल पर कई पाबंदियां लगा दी थीं. उस दौरान सिर्फ 100 रुपये के भारतीय नोट को ही नेपाल में लाने और ले जाने की अनुमति थी. वहीं, नोटबंदी से पहले जारी 500 और 1,000 रुपये के नोट आज भी नेपाल में प्रतिबंधित हैं.

यात्रियों और कारोबारियों को होगा फायदा

नेपाल राष्ट्र बैंक के प्रवक्ता गुरु प्रसाद पौडेल के मुताबिक, नए नियम से भारत से आने वाले पर्यटकों और दोनों देशों के बीच व्यापार करने वाले लोगों को काफी सुविधा मिलेगी. अब छोटे-मोटे खर्चों के लिए मुद्रा बदलवाने की परेशानी कम हो सकती है. हालांकि, नेपाली नागरिक भारत के अलावा किसी अन्य देश से भारतीय मुद्रा नेपाल नहीं ला सकते. इसी तरह वे भारत को छोड़कर किसी दूसरे देश में नेपाल से भारतीय रुपये नहीं ले जा सकते.

विदेशी मुद्रा को लेकर भी नियम

नेपाल के नए नियमों के अनुसार, नेपाली नागरिक और विदेशी पर्यटक 5,000 अमेरिकी डॉलर या उसके बराबर विदेशी मुद्रा बिना किसी घोषणा के अपने साथ ला सकते हैं. अगर राशि इससे अधिक है, तो सीमा शुल्क अधिकारियों को इसकी जानकारी देना जरूरी होगा.

क्यों है यह फैसला अहम?

भारत और नेपाल के बीच लोगों का आना-जाना, पर्यटन और व्यापार काफी आम है. ऐसे में 200 और 500 रुपये के नोटों को अनुमति मिलने से सीमा पार लेनदेन पहले की तुलना में ज्यादा आसान हो जाएगा. खासकर भारतीय पर्यटकों को अब नेपाल में रोजमर्रा के खर्चों के लिए ज्यादा सुविधा मिलेगी और नकदी के इस्तेमाल में दिक्कत कम होगी.

यह भी पढ़ें:- भारत में 'मानसून कैपिटल' के रूप जाना जाता है ये गांव, जानिए क्या है खासियत और कैसे पहुंचे

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Nepal, Indian Currency In Nepal
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com