विज्ञापन

फेस पैक में फिटकरी मिलाकर लगाती हैं Neelam Kothari, स्किन एक्सपर्ट से जानें चेहरे पर फिटकरी लगाने से क्या होता है

एक्ट्रेस नीलम कोठारी ने एक DIY फेस पैक बनाने का तरीका बताया है. इस पैक में एक्ट्रेस फिटकरी मिलाती नजर आ रही हैं. लेकिन क्या चेहरे पर फिटकरी लगाना सेफ है? आइए जानते हैं स्किन एक्सपर्ट से-

फेस पैक में फिटकरी मिलाकर लगाती हैं Neelam Kothari, स्किन एक्सपर्ट से जानें चेहरे पर फिटकरी लगाने से क्या होता है
चेहरे पर फिटकरी लगाने से क्या होता है?
(Photo Credit: NDTV)

आजकल कई बॉलीवुड सेलिब्रिटी अपने ब्यूटी और स्किनकेयर सीक्रेट्स फैंस के साथ शेयर करते नजर आ जाते हैं. इसी कड़ी में हाल ही में एक्ट्रेस नीलम कोठारी ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में वे एक DIY फेस पैक बनाते हुए नजर आ रही हैं. इस फेस पैक में उन्होंने दही, हल्दी, कॉफी, एलोवेरा, ग्लिसरीन और फिटकरी मिलाने की बात कही. नीलम का कहना है कि यह फेस पैक पिग्मेंटेशन और झाइयों को कम करने में मदद कर सकता है. हालांकि, वे सलाह भी देती हैं कि पैक में सिर्फ एक चुटकी फिटकरी ही डालें. इससे ज्यादा डालने पर स्किन पर तेज जलन हो सकती है. लेकिन क्या कम मात्रा में भी चेहरे पर फिटकरी लगाना सेफ है? आइए स्किन एक्सपर्ट से जानते हैं इस सवाल का जवाब- 

क्या कहते हैं एक्सपर्ट?

इसे लेकर NDTV संग हुई बातचीत के दौरान अकिया एस्थेटिक्स की फाउंडर और चीफ डर्मेटोलॉजिस्ट डॉक्टर रूपिका सिंह ने बताया, फिटकरी का इस्तेमाल कई सालों से छोटे घावों में और एंटीसेप्टिक के रूप में किया जाता रहा है. बात स्किन की करें, तो ये कुछ समय के लिए त्वचा में कसाव ला सकती है, लेकिन अभी तक ऐसा कोई पक्का वैज्ञानिक सबूत नहीं मिला है कि फिटकरी चेहरे की त्वचा के लिए फायदेमंद होती है. यही वजह है कि डॉक्टर घर पर बनने वाले फेस पैक में फिटकरी मिलाने की सलाह नहीं देते हैं.

डर्मेटोलॉजिस्ट आगे बताती हैं, फिटकरी त्वचा को बहुत ड्राई बना सकती है. इससे त्वचा की सुरक्षा करने वाली ऊपरी परत कमजोर हो सकती है. ऐसा होने पर स्किन में जलन, खुजली, रेडनेस और दूसरी परेशानियां शुरू हो सकती हैं. अगर आपकी स्किन बहुत सेंसिटिव है या एक्ने प्रोन स्किन हैं, तो चेहरे पर फिटकरी लगाने से बचना चाहिए.

अगर फिर भी फिटकरी लगाना चाहते हैं, तो पहले ये करें

अगर आप फिर भी फेस पैक में फिटकरी मिलाना चाहते हैं, तो इसका इस्तेमाल रोज बिल्कुल न करें. इसे सिर्फ कभी-कभी और बहुत कम मात्रा में, यानी सिर्फ एक छोटी-सी चुटकी ही मिलाएं. चेहरे पर लगाने से पहले 24 से 48 घंटे पहले पैच टेस्ट जरूर करें. इसके लिए हाथ या कान के पीछे थोड़ा-सा फेस पैक लगाकर देखें. अगर वहां जलन, खुजली या लालपन नहीं होता, तभी इसे चेहरे पर लगाएं.

फिटकरी के साथ किन चीजों को नहीं मिलाना चाहिए?

स्किन की डॉक्टर के मुताबिक, फिटकरी के साथ कुछ चीजें बिल्कुल नहीं मिलानी चाहिए. जैसे- 

  • नींबू का रस 
  • एप्पल साइडर विनेगर (ACV) 
  • बेकिंग सोडा
  • बिना पानी में मिले एसेंशियल ऑयल
  • AHA
  • BHA 
  • रेटिनॉल 
  • बेंजोयल पेरॉक्साइड और 
  • कम pH वाला विटामिन C सीरम.

इन चीजों को फिटकरी के साथ मिलाकर लगाने से चेहरे पर जलन, लालपन, खुजली और बाद में काले दाग पड़ सकते हैं.

फिटकरी की जगह क्या इस्तेमाल करें?
  • अगर आपको पिग्मेंटेशन या झाइयों की समस्या है, तो नियासिनमाइड (Niacinamide) , एजेलिक एसिड या ट्रेनेक्सामिक एसिड (Tranexamic Acid) वाले स्किनकेयर प्रोडक्ट ज्यादा अच्छे माने जाते हैं.
  • अगर चेहरे पर एक्ने हैं, तो सैलिसिलिक एसिड या बेंजोयल पेरोक्साइड वाले प्रोडक्ट इस्तेमाल किए जा सकते हैं.
  • वहीं, अगर आपकी त्वचा बहुत ड्राई रहती है, तो सेरामाइड्स और ग्लिसरीन वाला मॉइस्चराइजर लगाना बेहतर होता है. 

डर्मेटोलॉजिस्ट कहती हैं, इन सभी चीजों पर वैज्ञानिक रिसर्च हुई है और इन्हें स्किन के लिए सुरक्षित माना जाता है. ऐसे में चेहरे पर फिटकरी लगाने से बेहतर है कि आप इन प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करें. 

यह भी पढ़ें- Glutathione क्या है? क्यों सेलिब्रिटी कर रहे हैं इसका इस्तेमाल, जानिए स्किन पर इसका क्या असर होता है
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Skin Care, Lifestyle News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com