बारिश का मौसम जहां गर्मी से राहत देता है, वहीं बालों और स्कैल्प की परेशानियां भी बढ़ा देता है. उमस, पसीना और बारिश का पानी स्कैल्प पर असर डाल सकता है. जिससे डैंड्रफ, खुजली, ऑयली स्कैल्प और बाल झड़ने जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं. ऐसे में सही हेयर केयर रूटीन अपनाना जरूरी है. वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. रवि शर्मा के अनुसार, मानसून में कुछ आसान आदतें अपनाकर स्कैल्प को स्वस्थ रखा जा सकता है.
नियमित रूप से बाल धोएं
डॉ. रवि शर्मा के अनुसार, सप्ताह में 2 से 3 बार बाल धोना पर्याप्त होता है. इससे स्कैल्प पर जमा पसीना, धूल और अतिरिक्त तेल साफ हो जाता है. हालांकि, जरूरत से ज्यादा शैंपू करने से स्कैल्प की प्राकृतिक नमी कम हो सकती है.
शैंपू के साथ कंडीशनर भी करें इस्तेमाल
शैंपू स्कैल्प की सफाई करता है, जबकि कंडीशनर बालों को मुलायम और उलझने से बचाने में मदद करता है. बिना डॉक्टर की सलाह के मेडिकेटेड शैंपू का इस्तेमाल करने से बचें.
यह भी पढ़ें: आम के गूदे और दही से बना लें होममेड फेस पैक, निखर जाएगा चेहरा, स्किन करेगी ग्लो
बारिश में भीगने के बाद तुरंत बाल साफ करें
अगर बारिश में भीग गए हैं, तो बालों को ज्यादा देर तक गीला न रहने दें. साफ पानी से बाल धोकर अच्छी तरह सुखाएं, क्योंकि बारिश का पानी स्कैल्प में जलन पैदा कर सकता है.
गीले बालों को न बांधें
गीले बाल बांधने या स्टाइल करने से बाल टूट सकते हैं और स्कैल्प में संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है. बाल पूरी तरह सूखने के बाद ही उन्हें बांधें.
खानपान पर भी दें ध्यान
डॉक्टर के अनुसार, प्रोटीन, विटामिन और मिनरल्स से भरपूर संतुलित आहार बालों को मजबूत बनाए रखने में मदद करता है. यदि डैंड्रफ, लगातार खुजली या अत्यधिक हेयर फॉल की समस्या बनी रहे, तो त्वचा विशेषज्ञ से सलाह लेना बेहतर रहेगा.
यह भी पढ़ें: सफेद बालों से हैं परेशान? आम की गुठली से तैयार करें ये आसान हेयर मास्क
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं