बारिश आते ही मौसम सुहाना हो जाता है, लेकिन इसके साथ ही मौसम में बढ़ी हुई नमी की वजह से खाने-पीने की चीजें जल्दी खराब होने लगती हैं. कई बार ऐसा होता है कि जब आप किचन की शेल्फ से कोई सामान निकालते हैं तो वो खराब हो गई होती है और उसमें कीड़े पड़ जाते हैं. ये सब नमी की वजह से होता है.
कई खाने की चीजों को अगर आप भी किचन शेल्फ में इस मौसम में रखते हैं तो उनका स्वाद खराब हो जाता है और फिर वो खाने लायक नहीं बचतीं. ऐसे में आज हम आपको कुछ ऐसी चीजों के बारे में बताएंगे जिनको अगर आप समय रहते फ्रिज में शिफ्ट कर देंगी तो ये खराब होने से बच जाएंगे. आइए जानते हैं कि बारिश के मौसम में किन चीजों को किचन शेल्फ की बजाय फ्रिज में रखना बेहतर होता है.
1. सूखे मेवे (Dry Fruits)
किचन की शेल्फ में रखे काजू, बादाम, पिस्ता, अखरोट और किशमिश जैसी चीजें नमी की वजह से जल्दी खराब हो सकती है. दरअसल नमी की वजह से इनमें सीलन आ जाती है साथ ही इसके आने से स्वाद और क्वालिटी दोनों पर असर पड़ता है. इसलिए बारिश के मौसम में सूखे मेवों को एयरटाइट डिब्बे में बंद करके फ्रिज में रख दें, ऐसा करने से ये ज्यादा समय तक फ्रेश बने रहेंगे और खराब होने से बच जाएंगे.
2. आटा
बरसात के मौसम में आटे में भी कीड़े पड़ जाते हैं. इसलिए अगर घर में ज्यादा मात्रा में आटा रखा हुआ है तो आप बारिश के मौसम में आटे को फ्रिज में रख सकते हैं.
3. मसाले
बारिश के मौसम में पिसे हुए मसाले, हल्दी, मिर्च, धनिया पाउडर और गरम मसाले भी नमी को सोख लेते हैं. अगर आपके किचन में ज्यादा सीलन रहती है तो इन मसालों को आप फ्रिज में रख कर स्टोर कर देना बेहतर होगा, ताकि इनकी खुशबू और स्वाद बना रहे.
4. मूंगफली और बीज
मूंगफली, अलसी, चिया सीड्स, सूरजमुखी और कद्दू के बीज में नेचुरल ऑयल होता है. नमी की वजह से ये खराब हो सकते हैं. इनके स्वाद और महक में बदलाव आ सकता है. इसलिए इनको लंबे समय तक फ्रेश रखने के लिए आप इन्हें फ्रिज में स्टोर करें.
5. चॉकलेट
बारिश के मौसम में टेंपरेचर और नमी की वजह से चॉकलेट की बनावट और स्वाद बदल सकता है. इसलिए आप इस मौसम में इसे एयरटाइट पैक में फ्रिज में रखें.
6. घर का बना अचार और सॉस
घर के बने हुए अचार और सॉस को भी इस मौसम में फ्रिज में स्टोर कर के रखना ज्यादा सेफ होता है. क्योंकि नमी के मौसम में ये चीजें बहुत जल्दी खराब होती हैं. इसलिए इनको एयर टाइट डिब्बे में फ्रिज में स्टोर कर के रखें.
इन बातों का रखें ध्यान
फ्रिज में चीजें स्टोर करने से पहले सभी चीजों के एयरटाइट डिब्बे में अच्छे से कंटेनर में रखने के बाद ही स्टोर करें. ऐसा करने से नमी भी नहीं पहुंचेगी और फ्रिज में रखी दूसरी चीजों की महक भी नहीं आएगी.
इन चीजों को भी फ्रिज में करें स्टोर
- मैदा
- बेसन
- सूजी
- दालें
- पिसे मसाले
- खड़े मसाले
- ड्राई फ्रूट्स
ये भी पढ़ें: बारिश में जूतों से आने वाली बदबू को मिनटों में दूर करेंगे ये 4 टिप्स
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं