प्रेशर कुकर को किचन के सबसे जरूरी बर्तनों में से एक माना जाता है. ज्यादातर लोग इनका इस्तेमाल दाल, चावल या सब्जियां आदि पकाने के लिए करते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि प्रेशर कुकर का इस्तेमाल सिर्फ दाल और चावन पकाने के अलावा और भी कई तरीके से किया जा सकता है. इसके अंदर आप कई चीजों को पका सकते हैं और यहां तक की बेकिंग भी कर सकते हैं. तो आइए जानते हैं आप एक साधारण से प्रेशर कुकर को किस-किस तरह से इस्तेमाल कर सकते हैं.
प्रेशर कुकर के सीक्रेट हैक्स- (Pressure Cooker Secret Hacks)
1. कुकर में बना सकते हैं केक और कुकीज-
जिन घरों में ओवन नहीं होता, वहां प्रेशर कुकर बेकिंग का काम भी कर सकता है. कई लोग कुकर में केक, कुकीज और बेकिंग आइटम बनाते हैं. इसके लिए कुकर के नीचे नमक या एक स्टैंड रखा जाता है, जिससे अंदर ओवन जैसा माहौल बनता है. इसके बाद केक का बर्तन रखकर धीमी आंच पर बिना सीटी लगाए बेक किया जाता है.

प्रेशर कुकर में कुकीज बना सकते हैं. Photo Credit: Pexels
2. तंदूर की तरह कर सकते हैं इस्तेमाल-
प्रेशर कुकर का इस्तेमाल स्मोकी और तंदूरी फ्लेवर देने के लिए भी किया जा सकता है. कई लोग पनीर टिक्का और दूसरी डिश में कोयले वाली ट्रिक का इस्तेमाल करते हैं. इससे खाने में तंदूर जैसा टेस्ट और खुशबू आ जाती है, जिससे खाने का मजा बढ़ जाता है.
3. स्टीमिंग के लिए भी है शानदार ऑप्शन-
मोमोज, ढोकला, इडली और कई दूसरी स्टीम वाली चीजें भी प्रेशर कुकर में आसानी से बनाई जा सकती हैं. अगर सही मात्रा में पानी डाला जाए और समय का ख्याल रखा जाए, तो कुकर स्टीमर की तरह भी काम करता है.
4. रोस्टिंग और खाना गर्म करने में करता है मदद-
आजकल कई लोग कुकर का इस्तेमाल रोस्टिंग और खाना दोबारा गर्म करने के लिए भी कर रहे हैं. सोशल मीडिया पर ऐसे कई 'कुकर हैक्स' वायरल हो रहे हैं, जिनमें नॉर्मल कुकर से कई तरह की डिश बनाई जा रही हैं.
5. एक साथ कई काम कर सकता है-
सही इस्तेमाल के साथ प्रेशर कुकर एक मल्टीपर्पस किचन टूल बन सकता है. यह समय बचाता है और किचन के कई काम आसान करता है.
इन बातों का रखें खास ध्यान-
प्रेशर कुकर का इस्तेमाल करते हुए खास सावधानी बरतनी चाहिए. आजकल कई कुकर फटने के मामले सामने आते हैं. हमेशा समय-समय पर इसकी सिटी, रबड़ और सेफ्टी वॉल्व की जांच जरूर कराएं. अगर प्रेशर कुकर में कोई भी दिक्कत हो तो उसका इस्तेमाल करने से बचें.
ये भी पढ़ें- ये 5 गलतियां रोक रही हैं आपके बच्चे का विकास, आज से ही बदल दें ये आदतें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं