घर को हरा-भरा रखने के लिए लोग कई तरह के इंडोर और आउटडोर पौधे लगाते हैं. इनमें जेड प्लांट काफी पसंद किया जाता है. इसकी मोटी और चमकदार पत्तियां इसे आकर्षक बनाती हैं. वहीं, एलिफेंट बुश भी देखने में लगभग जेड प्लांट जैसा ही नजर आता है. यही वजह है कि कई बार लोग दोनों पौधों को एक ही समझ लेते हैं. हालांकि, पौधों की जानकारी रखने वाले विशेषज्ञों के मुताबिक दोनों अलग प्रजातियां हैं और इनकी पत्तियों, तने, आकार और उपयोग में कई अंतर हैं.
वैज्ञानिक नाम से करें पहली पहचान
जानकारी के अनुसार, जेड प्लांट का वैज्ञानिक नाम क्रैसुला ओवाटा (Crassula ovata) है. इसे लकी प्लांट, मनी प्लांट और मनी ट्री जैसे नामों से भी जाना जाता है. दूसरी ओर एलिफेंट बुश का वैज्ञानिक नाम पोर्टुलाकारिया अफ्रा (Portulacaria afra) है. इसे ड्वार्फ जेड, पोर्कबुश और पर्सलेन ट्री के नाम से भी जाना जाता है. नाम में जेड होने के बावजूद एलिफेंट बुश असली जेड प्लांट नहीं है.
पत्तियों से आसानी से पहचानें

जेड प्लांट आमतौर पर 5 से 8 फीट तक ऊंचे होते हैं।
Photo Credit: https://a-z-animals.com/blog/elephant-bush-vs-jade-plant-what-are-the-differences/
बता दें कि दोनों पौधों की पत्तियां मोटी और रसीली होती हैं, इसलिए पहली नजर में अंतर करना मुश्किल हो सकता है. जेड प्लांट की पत्तियां अपेक्षाकृत बड़ी, मोटी, अंडाकार और गहरे हरे रंग की होती हैं. इनकी लंबाई करीब 2 इंच तक हो सकती है. वहीं एलिफेंट बुश की पत्तियां छोटी होती हैं और उनका आकार गोल से हल्का अंडाकार दिखााई देता है. इसकी पत्तियां करीब तीन-चौथाई इंच लंबी होती हैं.
तने का रंग भी बताएगा फर्क
इसके अलावा, जेड प्लांट का तना मोटा और समय के साथ काष्ठयुक्त हो जाता है. इसका रंग हरे से धीरे-धीरे भूरा हो सकता है. एलिफेंट बुश के तने और शाखाएं लाल-भूरे या बैंगनी-लाल रंग की दिखाई दे सकती हैं. इसकी शाखाएं लंबी होकर नीचे की तरफ झुक भी सकती हैं. इसलिए पौधाा खरीदते समय सिर्फ पत्तियों के बजााय तने को भी जरूर देखें.
यह भी पढ़ें: डिश स्पंज में पनप सकते हैं खतरनाक बैक्टीरिया, बर्तन धोने के लिए करें इन चीजों का इस्तेमाल
दोनों पौधों का आकार कितना अलग?

हाथी झाड़ी के पत्ते थोड़े गोल से लेकर हल्के अंडाकार आकार के होते हैं।
Photo Credit: https://a-z-animals.com/blog/elephant-bush-vs-jade-plant-what-are-the-differences/
साथ ही, आकार के मामले में भी दोनों में काफी अंतर है. जेड प्लांट आमतौर पर 5 से 8 फीट तक बढ़ सकता है. वहीं एलिफेंट बुश अनुकूल परिस्थितियों में इससे काफी बड़ा होकर करीब 20 फीट तक बढ़ सकताा है. प्राकृतिक रूप से यह दक्षिण अफ्रीका के शुष्क और पथरीले इलाकों में पाया जाता है.
फूलों में भी है अंतर
जेड प्लांट में छोटे गुलाबी या सफेद रंग के तारे जैसे फूल गुच्छों में दिखाई दे सकते हैं. एलिफेंट बुश में भी छोटे फूल आते हैं, लेकिन उनका आकार और शाखाओं पर लगने का तरीका अलग होता है. हालांकि, सामान्य तौर पर घर में पौधे की पहचाान के लिए पत्तियां और तना देखना ज्यादा आसान तरीका है.
जेड प्लांट और एलिफेंट बुश एक नहीं
जानकारी के अनुसार, दिखने में समान होने के बावजूद जेड प्लांट और एलिफेंट बुश अलग पौधे हैं. इसलिए पौधा खरीदते समय सिर्फ नाम या उसकी शक्ल पर भरोसा न करें. वैज्ञानिक नाम, पत्तियों का आकार, रंग और तने की बनावट देखकर ही पौधे की सही पहचान करें.
यह भी पढ़ें: लोहे के तवे पर जमा चिकनाई को कैसे साफ करें? इस हैक से मिनटों में साफ हो जाएगी चिपकी हुई गंदगी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं