दिवाली पर अनार, फुलझड़ी और चकरी तो आपने खूब जलाई होगी, लेकिन क्या आपने कभी ऐसा पटाखा देखा है जिसे जलाने पर जमीन से काला सांप जैसी आकृति निकलने लगती है. इसे सोशल मीडिया पर 'ब्लैक स्नेक' या 'स्नेक बॉम' नाम से जाना जाता है. इन दिनों इसे घर पर बनाने के तीन अलग-अलग तरीके वायरल हो रहे हैं. कहीं पेंसिल की लेड और गोंद का जिक्र है तो कहीं चीनी और बेकिंग सोडा से सांप बनाया जाता है. तीसरा तरीका तो सबसे आसान है इसमें विटामिन-C की गोली का तरीका बताया गया है, लेकिन क्या ये सभी तरीके सही हैं? आइए जानते हैं इन वायरल तरीकों की पूरी बात.
पेंसिल की लेड से बनाए स्नेक
जानकारी के लिए बता दें कि सोशल मीडिया पर एक तरीके में पेंसिल की लेड को पीसकर गोंद के साथ मिलाने और उससे गोली बनाने की बात की गई है. इसके बाद माचिस से आग दिखाकर सांप जैसी आकृति निकलने की बात कही गई है. हालांकि, पेंसिल की लेड असल में ग्रेफाइट और चिकनी मिट्टी का मिश्रण होता है. इस तरह किसी प्रैक्टिकल को करने से पहले सुरक्षा का ध्यान जरूर रखें.
चीनी और बेकिंग सोडा वाला प्रयोग
यूट्यूबर MR. INDIAN HACKER के वीडियो में चीनी और बेकिंग सोडा से ब्लैक स्नेक बनाने का प्रयोग दिखाया गया है. इसमें किसी तरह के केमिकल के इस्तेमाल का तरीका बताया गया है. वीडियो में पेट्रोल और केरोसीन को विकल्प के तौर पर बताया गया है. लेकिन ये बेहद खतरनाक पदार्थ है. इनसे आग अचानक फैल सकती है और गंभीर हादसा हो सकता है.
विटामिन-C की गोली से सांप बनाने का दावा
बता दें कि एक अन्य वायरल वीडियो में दावा किया गया है कि विटामिन-C की गोली से भी स्नेक निकाला जा सकता है. वीडियो में इससे निकलने वाली आकृति को असली सांप से भी बड़ा बताया गया है. हालांकि, इस दावे की एक्सपर्ट पुष्टि नहीं कर रहे हैं. इसलिए इसे आजमाने से पहले वीडियो के दावे पर भरोसा करना ठीक नहीं होगा.
घर पर न करें ऐसे प्रयोग
सोशल मीडिया पर दिखने वाले हर एक्सपेरिमेंट को घर पर दोहराना सही नहीं है. खासकर जब उसमें आग, जलने वाला केमिकल शामिल हों. बच्चों को ऐसे प्रयोगों से दूर रखें और पेट्रोल-केरोसीन जैसी चीजों को आग के पास न ले जाएं. दिवाली पर सुरक्षित और नियमों के मुताबिक बने पटाखों का ही इस्तेमाल करें.
ये भी पढ़ें- ततैया का छत्ता कैसे हटाएं? घर से ततैया भगाने की दवा कौन सी है, बिरनी के काटने पर क्या करना चाहिए
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं