Ways to Clean an Old Earthen Pot: गर्मी का मौसम आते ही ठंडे पानी की जरूरत सबसे ज्यादा महसूस होती है. कई लोगों को फ्रिज का पानी सूट नहीं करता. ये ज्यादा ठंडा होता है और कई बार गला खराब होने का कारण भी बन सकता है. ऐसे में मिट्टी का मटका आज भी एक भरोसेमंद और नेचुरल ऑप्शन बना हुआ है. मटके का पानी न सिर्फ ठंडा होता है बल्कि उसका स्वाद भी अलग ही सुकून देता है. कई लोग हर साल नया मटका खरीदने के बजाय पुराने मटके को ही साफ करके इस्तेमाल करना पसंद करते हैं.
Purane Matke Ko Kaise Saaf Karen: लेकिन यहां एक बड़ी गलती हो जाती है. सिर्फ पानी से हल्का-सा धोकर मटके को यूज में ले आना आपके हेल्थ के लिए नुकसानदेह हो सकता है. आइए जानते हैं कि पुराने मटके को फिर से यूज करने के लिए उसकी सफाई कैसे करनी चाहिए.
कैसे करें पुराने मटके की सफाई (How to Clean an Old Earthen Pot)
पुराने मटके में जमी गंदगी, बैक्टीरिया और बदबू पानी की क्वालिटी खराब कर सकते हैं. अगर आपके घर में भी पिछले साल का मटका रखा है और आप उसे दोबारा इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो उसे सही तरीके से साफ करना बेहद जरूरी है. वरना पानी न तो सही तरीके से ठंडा होगा और न ही पीने लायक साफ रहेगा. सबसे पहले मटके को पूरी तरह खाली करें. अगर उसमें पहले कुछ और स्टोर किया गया था, तो उसे अच्छी तरह निकाल दें. इसके बाद नॉर्मल पानी से 2 से 3 बार धो लें ताकि ऊपर की धूल और गंदगी हट जाए.

नमक या फिटकरी से करें मटके की सफाई
अब असली सफाई का काम शुरू होता है. मटके में थोड़ा पानी डालें और उसमें एक से दो चम्मच नमक या पिसी हुई फिटकरी मिलाएं. इस घोल को करीब 15 मिनट तक मटके के अंदर रहने दें. इसके बाद बोतल साफ करने वाले ब्रश या हाथ की मदद से अंदर की सतह को अच्छे से रगड़ें. नमक और फिटकरी दोनों ही बैक्टीरिया और बदबू को खत्म करने में मदद करते हैं.
नींबू और बेकिंग सोडा से मिटाएं बदबू
अगर आपके पास नमक या फिटकरी नहीं है, तो नींबू और बेकिंग सोडा भी बढ़िया ऑप्शन है. मटके में पानी भरकर उसमें एक चम्मच बेकिंग सोडा या नींबू का रस डालें. इसे कुछ देर छोड़ दें और फिर ब्रश से साफ करें. इससे मटके की बदबू पूरी तरह दूर हो जाएगी.
हल्की धूप दिखाएं
सफाई के बाद मटके को हल्की धूप में करीब एक घंटे तक जरूर रखें. इससे अंदर की नमी खत्म हो जाएगी और मटका फ्रेश हो जाएगा. हालांकि बहुत ज्यादा देर तक धूप में रखने से दरार पड़ने का खतरा रहता है, इसलिए समय का ध्यान रखें.
ध्यान रखें
- एक और जरूरी बात, मटके को साफ करने के बाद पहली बार भरा हुआ पानी सीधे न पिएं.
- मटके को साफ करने के बाद जो पानी आप उसमें रखें उसे 4 से 5 घंटे रखने के बाद फेंक दें और फिर ताजा पानी भरें. यही पानी पीने के लिए सही रहेगा.
- अगर मटके में पहले से ही दरार है या उसमें से अजीब सी गंध लगातार आ रही है, तो उसे बदल देना ही बेहतर है.
- पुराने और खराब मटके से पानी पीना सेहत के लिए सही नहीं माना जाता.
सही तरीके से साफ किया गया मटका न सिर्फ पानी को नेचुरली ठंडा करता है बल्कि उसे ज्यादा हेल्दी भी बनाता है. इसलिए इस गर्मी में अगर मटके का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो पहले उसकी सफाई पर थोड़ा ध्यान जरूर दें.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं