पानी हमारे शरीर के लिए बहुत जरूरी है. बॉडी सही तरीके से फंक्शन करे, एनर्जी बनी रहे इसके लिए शरीर में पानी की सही मात्रा का बने रहना जरूरी है. लेकिन कई बार शरीर में पानी की कमी होने लगती है और हमें इसका पता भी नहीं चल पाता है. समय के साथ ये कमी और ज्यादा बढ़ जाती है, जिससे फिर हमे एक साथ कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है. ऐसे में एक आसान सा तरीका है, जिससे आप घर बैठे अंदाजा लगा सकते हैं कि आपकी बॉडी ठीक से हाइड्रेटेड है या नहीं. आइए जानते हैं इसके बारे में-
आपकी बॉडी में पानी की कमी है या नहीं कैसे पता करें?
इसे लेकर मशहूर न्यूट्रिशनिस्ट और डाइटिशियन सोनिया नारंग ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. वीडियो में न्यूट्रिशनिस्ट कहती हैं, आप घर बैठे एक आसान सा टेस्ट कर पता कर सकते हैं कि आपकी बॉडी में पानी की कमी तो नहीं है. कमाल की बात यह है कि इस टेस्ट को करने के लिए आपको किसी मशीन या सामान की जरूरत भी नहीं होगी.
यह भी देखें-
कैसे करें टेस्ट?- न्यूट्रिशनिस्ट बताती हैं, इसके लिए सबसे पहले अपने हाथ को उल्टा करें. अब, हाथ के पीछे की स्किन को दो उंगलियों की मदद से हल्के से पिंच करें.
- उंगलियों की मदद से हाथ के पीछे की स्किन को थोड़ा ऊपर उठाएं और छोड़ दें.
- अगर ऐसा करने से आपकी त्वचा तुरंत वापस अपनी जगह आ जाती है, तो समझ जाएं कि आपके शरीर में पानी की कमी नहीं है और आप ठीक से हाइड्रेटेड हैं.
- लेकिन अगर त्वचा को छोड़ने के बाद वो तुरंत वापस अपनी जगह नहीं आती या कुछ समय तक स्किन ऊपर ही उठी हुई रहती है, तो ये शरीर में पानी की कमी का संकेत हो सकता है.
यहां देखें वीडियो-
इस बात का रखें ध्यान
सोनिया नारंग कहती हैं कि बॉडी में हाइड्रेशन चेक करने का ये आसान तरीका हो सकता है. आप भी इस आसान टेस्ट को करके देख सकते हैं. लेकिन उम्र बढ़ने के साथ हमारी त्वचा पहले जैसी टाइट और लचीली नहीं रहती. ऐसे में बुजुर्गों में इस टेस्ट का रिजल्ट अलग आ सकता है या पूरी तरह सही नहीं आता है. उनकी स्किन पिंच करने पर तुरंत अपनी जगह पर नहीं आती है. इसलिए बुजुर्ग लोगों को अगर डिहाइड्रेशन जैसा महसूस हो रहा हो, तो वे एक बार अपना टेस्ट जरूर कराएं. खासकर अगर आपको लगातार बहुत ज्यादा कमजोरी महसूस हो रही हो, बॉडी में एनर्जी महसूस नहीं होती हो, स्किन और लिप्स ड्राई लगें, साथ ही हर समय चक्कर जैसा महसूस हो, तो एक बार डॉक्टर से सलाह जरूर लें.
यह भी पढ़ें- लोहे की कढ़ाई में काली मेहंदी कैसे बनाएं? Bharti Singh ने बताया सफेद बालों को काला करने का 100% नेचुरल तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं