आंखें हमारे चेहरे का सबसे खूबसूरत हिस्सा होती हैं. लेकिन अगर आंखों के आसपास झुर्रियां बढ़ जाएं, तो ये खूबसूरती पर दाग की तरह नजर आने लगती हैं. अब, उम्र के साथ झुर्रियां दिखना तो आम बात है, लेकिन कई लोगों की स्किन पर उम्र से पहले ही रिंकल्स नजर आने लगते हैं. अगर आप भी इन्हीं लोगों में से एक हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है. मशहूर डर्मेटोलॉजिस्ट आंचल पंथ ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में स्किन की डॉक्टर ने 5 आसान टिप्स बताए हैं, जिन्हें अपनाकर आंखों के आसपास की त्वचा को लंबे समय तक हेल्दी रखा जा सकता है. आइए जानते हैं इनके बारे में-
नंबर 1- आंखों को बार-बार रगड़ने की आदत छोड़ें
अगर आपको आंखें मलने की आदत है, तो इसे तुरंत छोड़ दें. बार-बार आंखों को रगड़ने से इस हिस्से की नाजुक त्वचा को नुकसान पहुंचता है. इससे त्वचा की इलास्टिसिटी कम हो सकती है और समय से पहले झुर्रियां दिखाई देने लगती हैं.
नंबर 2- एलर्जी और जलन का समय पर इलाज कराएंअगर आपको साइनस, एलर्जी या एटोपिक डर्मेटाइटिस जैसी समस्या है, तो उसे नजरअंदाज न करें. इन समस्याओं की वजह से आंखों के आसपास लगातार जलन और सूजन बनी रह सकती है. लंबे समय तक रहने वाली यह सूजन भी झुर्रियों बढ़ा सकती है.
नंबर 3- जरूरत हो तो चश्मा जरूर पहनें45 साल की उम्र के बाद कई लोगों को पास की चीजें पढ़ने में परेशानी होने लगती है. ऐसे में लोग आंखों को सिकोड़कर देखने की कोशिश करते हैं. बार-बार ऐसा करने से आंखों के आसपास की मांसपेशियों पर दबाव पड़ता है और झुर्रियां जल्दी बनने लगती हैं. इसलिए अगर नजर कमजोर हो रही है, तो सही नंबर का चश्मा जरूर बनवाएं.
नंबर 4- मॉइस्चराइजर और आई क्रीमआंखों के आसपास की त्वचा को हमेशा मॉइस्चराइज रखना जरूरी है. इसके लिए ऐसे मॉइस्चराइजर का इस्तेमाल करें, जिसमें सेरामाइड्स और हायलूरोनिक एसिड जैसे तत्व हों. इसके अलावा, रेटिनॉल और पेप्टाइड वाली आई क्रीम भी त्वचा की गुणवत्ता बेहतर बनाने और फाइन लाइंस को कम करने में मदद कर सकती हैं. लेकिन किसी भी नए स्किनकेयर प्रोडक्ट का इस्तेमाल करने से पहले स्किन एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें.
नंबर 5- धूप में निकलते समय सनग्लासेस पहनेंइन सब से अलग डर्मेटोलॉजिस्ट कहती हैं, अल्ट्रावायलेट (यूवी) किरणें त्वचा को तेजी से नुकसान पहुंचाती हैं. इसलिए धूप में बाहर निकलते समय अच्छी क्वालिटी के सनग्लासेस जरूर पहनें. इससे आंखों के आसपास की त्वचा यूवी रेज से बची रहती है और समय से पहले झुर्रियां आने का खतरा कम हो सकता है.
यहां देखें वीडियो-
यह भी पढ़ें- मेकअप के बाद होंठों के आसपास चेहरा दिखने लगता है काला? इस आसान ट्रिक से करें फिक्स
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं