Eid ul-Fitr 2026: ईद-उल-फितर, जिसे मीठी ईद के नाम से भी जाना जाता है, रमजान के पवित्र महीने के अंत का प्रतीक भी होता है और इस्लाम के सबसे महत्वपूर्ण त्योहारों में से एक है. बता दें कि इस साल सऊदी अरब ने आधिकारिक रूप से घोषणा की है कि ईद-उल-फितर 20 मार्च 2026 को मनाई जाएगी. यह फैसला शव्वाल के चांद के न दिखने के बाद लिया गया, जिससे रोजे पूरे 30 दिन के हो गए. किंगडम की मून साइटिंग कमेटी ने रिपोर्ट्स की पुष्टि की, जो इस्लामी परंपरा के अनुसार चांद देखने पर आधारित होती है.
ईद-उल-फितर 2026 के चांद दिखने की तारीख और समय अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग हो सकते हैं. आमतौर पर सऊदी अरब और यूएई पहले अनाउंस करते हैं, उसके बाद भारत और पाकिस्तान में ईद कब मनाई जाएगी इसका ऐलान किया जाता है. बता दें कि कई ऑफिशियल लोग और मून साइटिंग कमेटियां सूर्यास्त के बाद चांद देखकर ही ईद कब है इसकी घोषणा करेंगी. ईद को “रोज़ा खोलने का त्योहार” कहा जाता है क्योंकि यह रमजान के आखिरी दिन के अगले दिन मनाई जाती है.

सऊदी सुप्रीम कोर्ट के एक बयान के अनुसार, सोमवार को कहा गया था कि बुधवार, 18 मार्च की शाम को शव्वाल का चांद दिख सकता है. हालांकि बुधवार को चांद नजर नहीं आया है. इसलिए अब उम्मीद है कि चांद गुरुवार, 19 मार्च को दिखाई देगा और ईद शुक्रवार, 20 मार्च 2026 को मनाई जाएगी. यूएई और दूसरे खाड़ी देशों में भी इसी तारीख को ईद मनाई जाएगी.
बता दें कि दक्षिण एशिया में आमतौर पर ईद एक दिन बाद मनाई जाती है. ऐसे में भारत, बांग्लादेश और पाकिस्तान में संभवतः 20 मार्च को चांद देखा जाएगा और ईद 21 मार्च, शनिवार को मनाई जाएगी.
शुरू हो गई हैं तैयारियां
ईद का चांद दिखने में अब ज्यादा समय नहीं है तो आप भी अभी से इसकी तैयारियां कर सकते हैं. ईद की दावत में क्या बनाना है से लेकर, अपने घर को कैसे सजाना है और स्टाइलिंग के साथ हाथों पर लगने वाली मेंहदी की तैयारी भी आप आज से ही कर लें. ईद पर अगर आप भी लेटेस्ट मेंहदी की डिजाइन की तलाश मे हैं तो यहां पर देखिए ट्रेंडिंग मेंहदी की डिजाइन.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं