विज्ञापन

CG Teacher Recruitm: 5 हज़ार पदों पर होगी शिक्षकों की भर्ती, दोपहर में होगी परीक्षा और शाम को जारी होगा परिणाम

छत्तीसगढ़ के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने सोमवार प्रदेशभर के बेरोजगार युवाओं को बड़ी खुशखबरी दी. उन्होंने ऐलान किया है कि जुलाई में स्वामी आत्मानंद स्कूलों में 5000 शिक्षकों की भर्ती की जाएगी. इस भर्ती प्रक्रिया की सबसे खास बात ये है कि उन्होंने कहा कि सुबह में परीक्षा होगी और शाम में रिजल्ट जारी कर दिया जाएगा. 

CG Teacher Recruitm: 5 हज़ार पदों पर होगी शिक्षकों की भर्ती, दोपहर में होगी परीक्षा और शाम को जारी होगा परिणाम
छत्तीसगढ़ में 5 हज़ार पदों पर होगी शिक्षकों की भर्ती
NDTV

Chhattisgarh Teacher Recruitment News: छत्तीसगढ़ के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव (Gajendra Yadav) ने शिक्षक भर्ती को लेकर एक बड़ा बयान दिया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि व्यापम अपनी तैयारी पूरी कर रहा है और विभाग की ओर से जारी किए गए शेड्यूल के हिसाब से ही भर्तियां की जाएंगी. उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी स्वामी आत्मानंद स्कूलों में इस वक्त 5 हजार शिक्षकों की जरूरत है. 

इस परीक्षा की जिम्मेदारी किसी निजी एजेंसी को सौंपी जाएगी और व्यवस्था ऐसी होगी कि अभ्यर्थी दोपहर में परीक्षा देंगे और शाम तक उनका रिजल्ट घोषित कर दिया जाएगा, ताकि पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे और किसी भी तरह की गड़बड़ी न हो. शिक्षा मंत्री ने भरोसा दिलाया है कि जुलाई के पहले सप्ताह तक यह भर्ती प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी.

पहले की गलती से सीखा सबक

उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी इन स्कूलों में भर्ती का काम सौंपा गया था, लेकिन मार्च में परीक्षा परिणाम आने के बाद भी भर्ती प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी. दरअसल, कई जगहों से अव्यवस्थाओं की शिकायतें आईं और विभिन्न प्रकार के आरोप-प्रत्यारोप भी लगे. इन सभी विसंगतियों को देखते हुए सरकार ने अब एक सेंट्रलाइज्ड परीक्षा आयोजित करने का फैसला किया है. 

10 हजार पदों पर होगी भर्ती

भर्ती के चरणों की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि सबसे पहले स्वामी आत्मानंद स्कूलों में 5 हजार संविदा शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी और ठीक इसके बाद 5 हजार सहायक शिक्षकों की भर्ती होगी. इस प्रकार शिक्षा विभाग में कुल 10 हजार पदों पर भर्तियां की जाएंगी. उन्होंने युवाओं से कहा कि किसी को भी इस मामले में चिंता करने की जरूरत नहीं है. सरकार ने जो वादा किया है, उसे हर हाल में पूरा करेगी. 

कांग्रेस पर झूठ फैलाने का लगाया आरोप

विपक्ष के हमलों पर पलटवार करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि कांग्रेस लगातार झूठ बोल रही है, जबकि हमारी सरकार ने पिछले ढाई वर्षों में अलग-अलग विभागों में 20 हजार से ज्यादा लोगों को नियुक्तियां दी हैं और वर्तमान में भी प्रत्येक रविवार को किसी न किसी पद के लिए भर्ती परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं.

यह भी पढ़ें- विवाद के बीच कैमरा ऑन करने पर थानेदार ने युवक को मारा थप्पड़, वीडियो वायरल होने पर दो दिन बाद एक्शन में आए SP

इसी के साथ, प्रदेश में चल रही भीषण गर्मी के बीच स्कूल खोलने को लेकर भी शिक्षा मंत्री ने स्थिति साफ की. उन्होंने कहा कि नया शैक्षणिक सत्र जुलाई में शुरू होगा. अगर मौसम का मिजाज ऐसा ही गर्म बना रहा, तो बच्चों की सहूलियत के लिए छुट्टियों की अवधि बढ़ाई जा सकती है. यदि अगले एक सप्ताह तक गर्मी से राहत नहीं मिलती है, तो आगामी 16 जून से खुलने वाले स्कूलों की तिथि को आगे बढ़ा दिया जाएगा.

यह भी पढ़ें-  कटनी में मिला ढाई करोड़ रुपये का सांप, जानें- क्या है रेड सैंड बोआ स्नेक की खासियत

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
CG Teacher Recruitment, Chhattisgarh Teacher Recruitment, Chhattisgarh Teacher Recruitment 2026, Gajendra Yadav
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com