Drink Spiking: होली का त्योहार है और हर कोई मस्ती के मूड मे हैं. रंगों की महक, खानों की सुगंध और खूब सारी मस्ती, डांस और ना जाने लोगों ने क्या-क्या प्लानिंग कर रखी है. अगर आप भी इस होली पर कोई पार्टी प्लान कर रहे हैं या फिर होली पार्टी के लिए कहीं बाहर जाने की सोच रहे हैं तो आपको थोड़ा सावधान रहने की जरूरत है. क्योंकि इस मस्ती के बीच कहीं आपकी ड्रिंक में कोई कुछ मिला न दें और आप ड्रिंक स्पाइकिंग के शिकार न हो जाएं.
ड्रिंक स्पाइकिंग का मतलब है किसी व्यक्ति की जानकारी या अनुमति के बिना उसके ड्रिंक में शराब या नशीला पदार्थ मिला देना. यह कहीं भी हो सकता है जहां ड्रिंक परोसी जाती है, जैसे नाइट क्लब, पार्टी, पब, रेस्टोरेंट या हाउस पार्टी में भी. ड्रिंक स्पाइकिंग का संबंध यौन उत्पीड़न (sexual assault) और लूट जैसे अपराधों से हो सकता है. ऐसे मामलों में अपराधी किसी की ड्रिंक में नशा मिला देते हैं जिससे उनका काम आसान हो जाए. अनुमान बताते हैं कि लगभग एक-तिहाई ड्रिंक स्पाइकिंग की घटनाएं यौन हमले से जुड़ी होती हैं.
ड्रिंक स्पाइकिंग क्या है?
ड्रिंक स्पाइकिंग एक जानबूझकर किया गया अपराध है.
- बिना शराब वाली ड्रिंक में शराब मिलाना
- शराब वाली ड्रिंक में ज्यादा शराब मिला देना.
- ड्रिंक में नशीली दवाएं या अवैध ड्रग्स (जैसे GHB, बेंजोडायजेपाइन आदि) मिलाना.
- अक्सर इन नशीले पदार्थों का कोई रंग या गंध नहीं होती है, इसलिए इनकी पहचान कर पाना मुश्किल होता है.
ड्रिंक स्पाइकिंग के लक्षण
ड्रिंक स्पाइकिंग के लक्षण अलग-अलग तरह के होते हैं, ये इस बात पर भी निर्भर करता है कि ड्रिंक में क्या मिलाया गया है-
- ड्रिंक में कौन सा नशीला पदार्थ मिलाया गया है.
- नशीले पदार्थ को कितनी मात्रा में मिलाया गया है.
- आपका वजन और शरीर के आकार पर भी निर्भर करता है.
- आपने पहले कितनी शराब पी है.
लक्षण
- अचानक से ज्यादा नशा महसूस होने लगना.
- चक्कर आना या बेहोशी जैसा लगना.
- बोलने में लड़खड़ाहट होना और सही से बोल ना पाना.
- याददाश्त का कमजोर पड़ना.
- उल्टी या घबराहट जैसा फील होना.
- सांस लेने में परेशानी होना.
- शरीर पर कंट्रोल ना होना.
- काफी देर तक हैंगओवर होना.
अगर आपने कम शराब पी है या बिल्कुल भी नहीं पी है और ऐसा कुछ फील हो रहा है तो आप सावधान हो जाएं.

किन लोगों को होता है ज्यादा खतरा?
- ड्रिंक स्पाइकिंग के मामले महिलाएं ज्यादा रिपोर्ट करती हैं. हालांकि पुरुष भी इसके शिकार हो सकते हैं
- टीनएजर्स और पार्टी में शामिल होने वाले लोग.
- वो लोग जो अजनबियों की तरफ से ऑफर किया गया ड्रिंक पी लेते हैं.
ये भी पढ़ें: नई स्टडी का दावा, योग से ओपिओइड नशे की लत से उबरना हो सकता है आसान
ड्रिंक स्पाइकिंग से कैसे बचें?
- हमेशा पार्टी के लिए उन लोगों के साथ बाहर जाएं जिनपर आपको पूरा भरोसा हो.
- अपनी ड्रिंक खुद से ही खरीदें और अपने सामने ही बनवाएं.
- किसी भी अनजान व्यक्ति से ड्रिंक न लें.
- अगर आपको जरा सा भी शक है तो ड्रिंक न पिएं.
- अगर आप किसी को ड्रिंक में कुछ मिक्स करते देख रहे हैं तो स्टाफ को तुरंत बताएं.
FAQ – ड्रिंक स्पाइकिंग से जुड़े सवाल
सवाल- क्या ड्रिंक स्पाइकिंग गैरकानूनी है?
जवाब- हाँ, ड्रिंक स्पाइक करना एक अपराध है, इसके लिए सजा भी हो सकती है.
सवाल- क्या सिर्फ शराब में ही नशा मिलाया जाता है?
जवाब- नहीं, नशीले पदार्थ को पानी या जूस में भी मिलाया जा सकता है.
सवाल- क्या स्वाद या महक से पहचान सकते हैं?
जवाब- अक्सर नहीं, इस तरह के नशीले पदार्थ में कोई भी महक और स्वाद नहीं होता है.
सवाल- अगर मेरी याददाश्त चली जाए तो क्या करूं?
जवाब- ऐसी हालत में आपको तुरंत मेडिकल मदद लेनी है और पुलिस में शिकायत दर्ज कराएं.
Gurudev Sri Sri Ravi Shankar on NDTV: Stress, Anxiety, से लेकर Relationship, Spirituality तक हर बात
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं