Top 4 Fruits For Bloating: पेट फूलना यानी ब्लोटिंग पेट से जुड़ी सबसे आम समस्याओं में से एक है. ब्लोटिंग के पीछे कई कारण हो सकते हैं, गलत खानपान, तनाव, पाचन तंत्र की गड़बड़ी या फिर कुछ आदतें जो हम रोजाना अपनाते हैं. अगर आपका पेट भी खाना खाने के बाद पेट गुब्बारे की तरह फूल जाता है? या फिर बिना ज्यादा खाने के भी पेट भारी और असहज महसूस होता है? तो ये स्टोरी आपके लिए ही है. नीचे बताए गए इन 4 फलों को अगर आप अपनी डाइट में शामिल करते हैं, तो आपके पेट को आराम मिल सकता है.

ब्लोटिंग के लिए सबसे अच्छा फल कौन सा है?
अनानास: अनानास न सिर्फ खाने में स्वादिष्ट होता है, बल्कि पेट के लिए बेहद फायदेमंद है. यूएस डिपार्टमेंट ऑफ हेल्थ एंड ह्यूमन सर्विसेज के अनुसार, इसमें पाया जाने वाला ब्रोमेलिन नाम का एक एंजाइम पेट में प्रोटीन को तोड़ने में मदद करता है, इससे पाचन आसान हो जाती है, खासकर किसी भारी या प्रोटीन से भरपूर खाने के बाद. इतना ही नहीं, ब्रोमेलिन पाचन तंत्र में होने वाली सूजन को कम करने में भी मदद कर सकता है, जो अक्सर पेट फूलने का कारण बनती है.
कीवी: कीवी भले ही दिखने में छोटा स फल है, लेकिन पाचन को ठीक रखने में बेहद कमाल है. इसमें एक्टिनिडिन नाम का एक एंजाइम पाया जाता है, जो प्रोटीन को तोड़ने में मदद करता है और पूरे पाचन को बेहतर बनाता है. 2021 में की गई एक रिसर्च से पता चलता है कि कीवी से मिलने वाले प्रीबायोटिक्स पेट को ठीक रखने में बेहद मददगार हैं. ऐसे में अगर आप रोजाना कीवी का सेवन करते हैं, तो पेट को बीमारियों से दूर रख सकते हैं.

सेब: सेब में घुलनशील फाइबर खासकर पेक्टिन की अच्छी मात्रा पाई जाती है, जो स्वस्थ पाचन और पेट के अच्छे बैक्टीरिया को बढ़ावा देता है. पेक्टिन कब्ज़ से राहत दिलाता है, जो ब्लोटिंग के मुख्य कारणों में से एक है, लेकिन ध्यान रखें ज्यादा मात्रा में इसका सेवन कुछ लोगों में गैस और बेचैनी का कारण बन सकता है.
संतरा: संतरे न केवल रिफ्रेश करते हैं, बल्कि पाचन के लिए भी फायदेमंद माने जाते हैं. इनमें पानी और फ़ाइबर भरपूर मात्रा में होता है, जो कब्ज़ को रोकने और पेट के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में मदद करते हैं. इसमें मौजूद विटामिन सी भी पाचन तंत्र को स्वस्थ रखने में अहम भूमिका निभाता है. ऐसे में अगर आप इन्हें अपनी डाइट में शामिल करते हैं, तो से पेट फूलने की समस्या से राहत पा सकते हैं.
इसे भी पढ़ें: नवरात्रि व्रत में वजन कम कैसे करें, इन 5 चीजों से बना लें दूरी, नहीं तो बढ़ जाएगा वजन!
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं