बाथरूम हमारे घर का वो हिस्सा होता है, जो हमारे घर की साफ-सफाई को बंया करता है. कई बार हम किचन और घर को साफ रख लेते हैं लेकिन बात जब बाथरूम की आती है, तो वहां टाइल्स पर जमी गंदगी को हम हटा नहीं पाते, जिससे हमारी सफाई पर सवाल खड़ा हो जाता है. कई बार बाथरूम में सीलन (Moisture) और फफूंद लगना शुरू हो जाता है, इससे बचने के लिए हम सब बाथरूम में एग्जॉस्ट फैन लगवाते हैं, लेकिन क्या आपको पता है कि इस फैन को कितनी देर तक चलाना चाहिए? कई लोग नहाने के तुरंत बाद इसे बंद कर देते हैं, तो कुछ लोग इसे घंटों तक चलता छोड़ देते हैं. अगर आप भी ऐसा करते हैं, तो इस आर्टिकल को जरूर पढ़ें.
नहाने के बाद कितनी देर चलाना चाहिए एग्जॉस्ट फैन?
जब हम गरम पानी से शावर लेते हैं या नहाते हैं, तो पूरे बाथरूम में भाप (Steam) भर जाती है. यही भाप धीरे-धीरे दीवारों और छत पर पानी की बूंदों के रूप में जमा हो जाती है, जिससे फंगस या काली फफूंद पैदा होती है. Southern Living छपी रिपोर्ट के मुताबिक, नहाने के बाद बाथरूम के एग्जॉस्ट फैन को कम से कम 15 से 30 मिनट तक चालू रखना चाहिए.
सिर्फ 5 या 10 मिनट फैन चलाने से हवा तो साफ हो सकती है, लेकिन दीवारों और कोनों में छिपी नमी पूरी तरह बाहर नहीं निकल पाती. इसलिए, नहा कर बाहर निकलने के बाद भी फैन को करीब आधे घंटे तक चलने दें, ताकि बाथरूम पूरी तरह सूख जाए.

बाथरूम की बदबू दूर करने के लिए एग्जॉस्ट फैन का सही समय पर चालाना जरूरी है. (Image NDTV)
क्या इसे 24 घंटे ऑन रखना सही है?
कुछ लोग सीलन के डर से या बाथरूम की बदबू दूर करने के लिए एग्जॉस्ट फैन को रात भर या लगातार कई घंटों तक ऑन रखते हैं. एक्सपर्ट्स के अनुसार, ऐसा करना बिल्कुल गलत और खतरनाक हो सकता है. घरेलू एग्जॉस्ट फैन लगातार लंबे समय तक चलने के लिए नहीं बने होते हैं. अगर आप इन्हें कई घंटों तक चालू रखेंगे, तो इनकी मोटर गर्म (Overheat) हो सकती है, जिससे फैन खराब हो सकता है और बिजली का बिल भी फालतू में बढ़ेगा.
टाइमर या ह्यूमिडिटी सेंसर है बढ़िया ऑप्शन-
अगर आप भूल जाते हैं कि फैन बंद करना है, तो मार्केट में आजकल कई स्मार्ट गैजेट्स मौजूद हैं. आप अपने बाथरूम में टॉगल या टाइमर स्विच लगवा सकते हैं, जिसमें 15, 30 या 60 मिनट का टाइम सेट किया जा सकता है. इसके अलावा, एडवांस ह्यूमिडिटी सेंसर वाले फैन भी आते हैं, जो बाथरूम में नमी बढ़ते ही अपने आप चालू हो जाते हैं और बाथरूम सूखते ही खुद बंद हो जाते हैं.
ये भी पढ़ें- कीड़े-मकौड़ों को दूर भगाने से लेकर सिंक की सफाई और गार्डनिंग तक, जानें अंडे के छिलके के बेहतरीन इस्तेमाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं