Wooden Doors Swell During the Monsoon: बारिश का मौसम राहत तो देता है. लेकिन घर की कई छोटी छोटी परेशानियां भी साथ लेकर आता है. इन्हीं में से एक है लकड़ी के दरवाजों का फूल जाना. कई बार दरवाजा खोलने और बंद करने में इतनी दिक्कत होती है कि जोर लगाना पड़ता है. इतना ही नहीं कुछ घरों में दरवाजे के नीचे से बारिश का पानी भी अंदर आने लगता है. अगर आपके घर में भी ऐसी समस्या है. तो घबराने की जरूरत नहीं. इसकी वजह समझकर और कुछ आसान उपाय अपनाकर आप इस परेशानी से काफी हद तक बच सकते हैं. वो भी कारपेंटर को बुलाने की झंझट के बगैर.
बरसात में लकड़ी के दरवाजे क्यों फूल जाते हैं? (Why Do Wooden Doors Swell During the Monsoon?)
लकड़ी एक नेचुरल चीज है, जो हवा में मौजूद नमी को आसानी से सोख लेती है. बरसात के मौसम में यूं भी नमी काफी बढ़ जाती है. यही नमी धीरे धीरे लकड़ी के अंदर पहुंचती है. जिससे उसके रेशे फैलने लगते हैं. इसका असर ये होता है कि दरवाजा पहले के कंपेरिजन में थोड़ा मोटा हो जाता है और चौखट में फंसने लगता है. अगर दरवाजे पर अच्छी क्वालिटी की पॉलिश या सीलिंग नहीं है. तो ये समस्या और ज्यादा बढ़ सकती है.

लकड़ी का दरवाजा फूल जाए तो क्या करें? (What to Do If a Wooden Door Swells?)
अगर दरवाजा हल्का सा फूल गया है. तो सबसे पहले उसे सूखा रखने की कोशिश करें. कमरे में हवा का अच्छा इंतजाम रखें और जरूरत हो तो पंखा या डीह्यूमिडिफायर चलाएं. ताकि नमी कम हो सके.
दरवाजे के किनारों पर मोमबत्ती का मोम या पैराफिन वैक्स हल्के हाथ से रगड़ने से भी दरवाजा आसानी से चलने लगता है. अगर परेशानी ज्यादा है. तो बारिश का मौसम खत्म होने के बाद जरूर किसी कारपेंटर से दरवाजे के फंसे हुए हिस्से को हल्का ट्रिम करवाया जा सकता है. साथ ही दोबारा अच्छी क्वालिटी की पॉलिश या वॉटरप्रूफ कोटिंग जरूर करवाएं, ताकि आगे ये परेशानी न हो.
दरवाजे से बारिश का पानी अंदर आने से कैसे रोकें? (How to Stop Rainwater From Entering Through the Door?)
अगर दरवाजे के नीचे से पानी अंदर आता है. तो सबसे पहले नीचे रबर डोर सील या डोर स्वीप लगवाएं. ये कम खर्च वाला और असरदार उपाय है. दरवाजे के आसपास की दरारों को सिलिकॉन सीलेंट से बंद किया जा सकता है. ताकि पानी के लिए कोई रास्ता न बचे. अगर मेन डोर के सामने बारिश का पानी जमा होता है. तो वहां पानी की निकलने का सही इंतजाम करें. दरवाजे के बाहर छोटा शेड या छज्जा लगवाने से भी सीधे दरवाजे पर पानी पड़ने से बचाव होता है. रेगुलरली दरवाजे की पॉलिश और रखरखाव करने से लकड़ी लंबे समय तक सेफ रहती है और बारिश के मौसम में भी दरवाजा आसानी से खुलता,बंद होता है.
यह भी पढ़ें:- मुंहासे, झाइयां और बाल झड़ने का कारण सिर्फ त्वचा नहीं, डर्मेटोलॉजिस्ट से जानिए लाइफस्टाइल में क्या बदलाव है जरूरी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं