रिश्तों का असर सिर्फ हमारे दिल और दिमाग पर ही नहीं, बल्कि सेहत पर भी पड़ सकता है. साउथ इंडियन एक्ट्रेस अनुपमा परमेश्वरन ने हाल ही में एक इंटरव्यू में अपने पिछले टॉक्सिक रिश्ते को लेकर कई चौंकाने वाले और भावुक कर देने वाले खुलासे किए हैं. एक्ट्रेस ने बताया कि एक्स-पार्टनर के बर्ताव की वजह से उन्हें बार-बार पैनिक अटैक आने लगे थे, यहां तक कि कई बार वह बेहोश भी हो जाती थीं. उन्होंने बताया कि वह लगभग दो साल तक 'नार्सिसिस्टिक एब्यूज' यानी मानसिक और भावनात्मक शोषण की शिकार रही थीं, जिसने उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से पूरी तरह तोड़ दिया था.
धन्या वर्मा के शो I AM With Dhanya Varma में बातचीत के दौरान एक्ट्रेस अनुपमा परमेश्वरन ने बताया कि उस रिश्ते के समय उन्हें कई स्वास्थ्य समस्याएं होने लगी थी. उन्हें बार-बार पैनिक अटैक आते थे, कई बार बेहोशी जैसी स्थिति हो जाती थी, उनका वजन तेजी से कम हो गया था और आंखों से जुड़ी एक गंभीर समस्या के कारण उन्हें सर्जरी भी करवानी पड़ी. अनुपमा ने कहा कि इससे पहले उन्हें कभी ऐसी कोई परेशानी नहीं हुई थी, लेकिन लंबे समय तक तनाव और चिंता में रहने की वजह से उनकी मानसिक और शारीरिक सेहत दोनों प्रभावित होने लगी.
उन्होंने कहा, "मैं बचपन से बहुत खुशमिजाज और सामान्य जिंदगी जीने वाली इंसान थी। पहले मेरे साथ ऐसा कभी नहीं हुआ था". अनुपमा ने बताया कि उन्हें अक्सर पैनिक और एंग्जायटी अटैक आते थे. उस समय उनके शरीर पर उनका कंट्रोल नहीं रहता था. उन्होंने कहा, "अचानक पैर कांपने लगते थे, हाथ थरथराने लगते थे और हम चाहकर भी उन्हें कंट्रोल नहीं कर पाते थे". उन्होंने यह भी खुलासा किया कि उस दौर में उन्हें कई बार ब्लैकआउट यानी अचानक बेहोशी जैसी स्थिति का भी सामना करना पड़ा था.
एंग्जायटी का असर खाने-पीने पर भी पड़ने लगा था
अनुपमा परमेश्वरन ने बताया कि उनकी चिंता और तनाव का असर उनकी खाने की आदतों पर भी पड़ने लगा था. उन्होंने कहा कि एक्स-पार्टनर के साथ होने वाली कई बातचीत उन्हें इतना परेशान कर देती थी कि खाना खाने के बाद भी उन्हें उल्टी हो जाती थी. उन्होंने कहा, "मैं जो भी खाती थी, किसी न किसी बात पर बातचीत होती, वह मेरी एंग्जायटी को ट्रिगर कर देती और फिर मुझे उल्टी हो जाती थी".
अनुपमा ने यह भी बताया कि इस मुश्किल दौर का असर उनके शरीर पर साफ दिखाई देने लगा था. उनका वजन काफी कम हो गया था, जिसे आसपास के लोग भी नोटिस करने लगे थे. हालांकि, उस समय वह सार्वजनिक रूप से यह नहीं बता पा रही थीं कि आखिर वह किस मानसिक और भावनात्मक परेशानी से गुजर रही हैं. इतना ही नहीं, उनकी स्वास्थ्य समस्याओं का असर उनके काम पर भी पड़ने लगा था. अनुपमा ने बताया कि शूटिंग के दौरान उनकी दाईं आंख अचानक बेकाबू होकर फड़कने लगती थी, जिसकी वजह से कई बार शूटिंग रोकनी पड़ती थी.
हर रात घंटों रोती थी
अनुपमा परमेश्वरन ने बताया कि उस मुश्किल दौर का असर उनकी सेहत पर इतना गहरा पड़ा कि उनकी आंखों में आंसू बनाने वाली लैक्रिमल ग्लैंड में सूजन आ गई और वह अपनी सामान्य जगह से खिसक गई. उन्होंने कहा, "मैं हर रात कई-कई घंटे रोती थी और फिर सुबह उठकर शूटिंग पर जाना पड़ता था. अचानक मेरी लैक्रिमल ग्लैंड नीचे की तरफ आ गई. उसमें काफी सूजन थी और आखिरकार मुझे सर्जरी करवानी पड़ी". अनुपमा ने बताया कि उनकी फिल्म 'पराधा' (Paradha) के प्रमोशन के दौरान भी यह समस्या साफ नजर आती थी. उन्होंने कहा, "अगर आप 'पराधा' के प्रमोशनल वीडियो और तस्वीरें देखेंगे तो पाएंगे कि मेरी एक आंख काफी सूजी हुई दिखाई देती थी. मेरी लैक्रिमल ग्लैंड पूरी तरह नीचे आ गई थी, जिसके बाद डॉक्टरों को सर्जरी करके उसे फिर से उसकी जगह पर लगाना पड़ा".
एक्ट्रेस ने यह भी कहा कि इस दौर का असर सिर्फ उन्हीं समस्याओं तक सीमित नहीं था जिनका उन्होंने जिक्र किया. उनके मुताबिक, उस रिश्ते ने उन्हें ऐसे शारीरिक और मानसिक घाव दिए हैं जो शायद कभी पूरी तरह भर नहीं पाएंगे. उन्होंने कहा, "मेरे शरीर पर ऐसे जख्म हैं, जो किसी ने मारपीट करके नहीं दिए, लेकिन जो कुछ मैंने झेला, उसका असर मेरे शरीर और मन दोनों पर पड़ा है. कुछ परेशानियां ऐसी हैं जो शायद कभी पूरी तरह ठीक नहीं होंगी".
यह भी पढ़ें:- 'ठीक से चल नहीं पाती थीं', एक्ट्रेस खुशबू सुंदर ने बताया कैसे इस जापानी ट्रिक से 40 किलो वजन घटाया
यह भी पढ़ें:- Rubina Dilaik ने कराई Microblading, जानें क्या होता है ये ब्यूटी ट्रीटमेंट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं