आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में ज्यादातर लोग देर रात तक जागते हैं और सुबह देर से उठते हैं. लेकिन अगर आप समय पर सोने और सुबह जल्दी उठने की आदत बना लें, तो केवल इस एक आदत से आपको कई फायदे मिल सकते हैं. सुबह का समय शांत होता है. इस समय दिमाग भी ज्यादा फ्रेश रहता है. इसलिए सुबह जल्दी उठने वाले लोग अपने काम बेहतर तरीके से कर पाते हैं. आइए जानते हैं सुबह जल्दी उठने के लिए ऐसे ही 6 बड़े फायदे-
नंबर 1- एक्सरसाइज करने का समय मिलता है
सुबह जल्दी उठने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि आपको वॉक, योग या एक्सरसाइज करने के लिए आराम से समय मिल जाता है. सुबह की एक्सरसाइज शरीर को एक्टिव बनाती है. इससे तनाव कम होता है, मन खुश रहता है और बॉडी में पूरे दिन काम करने की ताकत बनी रहती है. कई रिसर्च में यह भी सामने आया है कि सुबह एक्सरसाइज करने वाले लोगों को रात में अच्छी नींद आती है.
नंबर 2- आराम से हेल्दी नाश्ता कर सकते हैंदेर से उठने वाले लोग अक्सर बिना नाश्ता किए घर से निकल जाते हैं या जल्दी-जल्दी कुछ भी खा लेते हैं. वहीं, सुबह जल्दी उठने वाले लोग बिना जल्दबाजी के अच्छा और पौष्टिक नाश्ता कर सकते हैं. नाश्ता हमारे दिन का सबसे जरूरी मील माना जाता है. हेल्दी ब्रेकफास्ट करने से आपकी बॉडी में दिनभर एनर्जी बनी रहती है, जिससे फिर आप पूरे दिन अपना काम और बेहतर तरीके से कर पाते हैं.
नंबर 3- शरीर की बॉडी क्लॉक सही रहती हैहमारे शरीर के अंदर एक प्राकृतिक घड़ी होती है, जिसे सर्केडियन रिदम (Circadian Rhythm) कहा जाता है. यह घड़ी तय करती है कि हमें कब जागना है, कब नींद आनी चाहिए, कब भूख लगेगी और शरीर कब सबसे ज्यादा एक्टिव रहेगा. सुबह जल्दी उठकर कुछ देर धूप में रहने से यह बॉडी क्लॉक सही तरीके से काम करती है. सुबह की धूप आंखों के जरिए दिमाग को यह संकेत देती है कि अब दिन शुरू हो गया है. इससे शरीर पूरे दिन एक्टिव रहता है. इसके अलावा सर्केडियन रिदम सही रहने से भूख सही समय पर लगती है और पाचन बेहतर रहता है, हार्मोन सही तरीके से काम करते हैं जिससे शरीर स्वस्थ रहता है, तनाव और चिड़चिड़ापन कम हो सकता है, दिमाग अच्छी तरह काम करता है और ध्यान लगाने में आसानी होती है. साथ ही इससे लंबे समय में मोटापा, डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर और दिल की बीमारियों का खतरा भी कम हो सकता है.
नंबर 4- वेट लॉस में मदद मिल सकती हैकुछ रिसर्च के नतीजे बताते हैं कि सुबह जल्दी उठने वाले लोगों का शरीर फैट का बेहतर इस्तेमाल करता है. इससे मोटापा बढ़ने का खतरा कम हो सकता है. साथ ही जो लोग सुबह जल्दी उठते हैं, वे दिनभर ज्यादा एक्टिव रहते हैं. इससे भी शरीर ज्यादा कैलोरी बर्न करता है.
नंबर 5- मेंटल हेल्थ के लिए अच्छाकई रिसर्च में सामने आया है कि सुबह जल्दी उठकर कुछ समये 'गोल्डन ऑवर' या सुबह की हल्की धूप में बिताने से बॉडी रिलैक्स होती है, स्ट्रेस कम होता है, जिससे पूरे दिन आपका मूड अच्छा रहता है.
नंबर 6- जरूरी काम आराम से पूरे कर सकते हैंइन सब से अलग सुबह के समय शोर-शराबा कम होता है और बार-बार कोई परेशान भी नहीं करता. इसलिए पढ़ाई, ऑफिस का काम, घर का काम या पूरे दिन की प्लानिंग आराम से की जा सकती है. इससे काम जल्दी और अच्छे तरीके से पूरे होते हैं.
हालांकि, सुबह जल्दी उठने का फायदा तभी मिलता है, जब आप रोज 7 से 8 घंटे की अच्छी और पूरी नींद लें. ऐसे में रात को जल्दी सोने की आदत बनाएं.
यह भी पढ़ें- Weight Loss करने के लिए Cardio पहले करना चाहिए या Weight Lifting? जिम जाते हैं तो जान लें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं