संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा (CSE Prelims) 2026 का रिजल्ट घोषित कर दिया है. परीक्षा में शामिल हुए लाखों उम्मीदवारों का इंतजार अब खत्म हो गया है. जो भी उम्मीदवार इस परीक्षा में बैठे थे, वे यूपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट upsconline.nic.in पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकते हैं. जो उम्मीदवार इस प्रीलिम्स परीक्षा में सफल घोषित किए गए हैं, वे अब अगले चरण यानी मेंस परीक्षा (Mains) 2026 में बैठने के योग्य माने जाएंगे.
आयोग की ओर से आयोजित परीक्षा में 5 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने प्रारंभिक परीक्षा दी थी. इनमें से 13,343 उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्ट लिस्ट किया गया है. परीक्षा में सफल होने वाले सभी अभ्यर्थियों के रोल नंबर की लिस्ट वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है.
कब होगी मुख्य परीक्षा
प्रारंभिक परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले अभ्यर्थियों के पास अब मुख्य परीक्षा के लिए बहुत ही कम वक्त बचा है. मुख्य परीक्षा का आयोजन 21 अगस्त से शुरू होगा और पांच दिनों तक किया जाएगा.
रिजल्ट कैसे चेक करें
यूपीएससी की ऑफिशियल वेबसाइट upsconline.nic.in पर जाएं. होम पेज पर दिए गए 'UPSC CSE Prelims Result 2026' के लिंक पर क्लिक करें. आपके सामने एक पीडीएफ फाइल खुलेगी, जिसमें आप अपना रोल नंबर सर्च कर सकते हैं.
इस साल जोड़े गए थे तीन नए परीक्षा केंद्र
उम्मीदवारों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यूपीएससी ने इस साल तीन नए परीक्षा केंद्र जोड़े थे, जिनमें कानपुर, मेरठ और भुवनेश्वर शामिल हैं. इसके साथ ही देश भर में कुल परीक्षा केंद्रों की संख्या 80 से बढ़कर 83 हो गई थी. आंकड़ों के मुताबिक, लगभग 23,000 उम्मीदवारों ने इन नए केंद्रों को चुना था, जिससे पुराने केंद्रों पर भीड़ कम करने में मदद मिली.
933 खाली पदों को भरा जाएगा
बता दें कि इस साल यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2026 के जरिए कुल 933 खाली पदों को भरा जाना है. इस परीक्षा का आयोजन देश भर में 24 मई 2026 को किया गया था, जिसमें लगभग 5.49 लाख छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे.
यह भी पढ़ें- UPSC Prelims 2026 Answer Key: सिविल सर्विस एग्जाम की आंसर की जारी, इस डायरेक्ट लिंक से करें डाउनलोड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं