UP Police Recruitment : उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरियों का अभियान लगातार जारी है. इसी कड़ी में रविवार को राजधानी लखनऊ स्थित लोक भवन में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस विभाग के 912 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे. इस मौके पर वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना समेत कई मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.
नियुक्ति पत्र बांटते हुए क्या बोले CM योगी?
इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले युवाओं के मन में भर्ती प्रक्रिया को लेकर निराशा और अविश्वास का माहौल था. उस समय भाई-भतीजावाद और अनियमितताओं की शिकायतें आम थीं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार बनने के बाद भर्ती प्रक्रिया में बदलाव किए गए. ग्रुप-सी तथा ग्रुप-डी पदों के लिए इंटरव्यू की व्यवस्था समाप्त कर दी गई. उनके मुताबिक, इंटरव्यू के दौरान गड़बड़ियों की शिकायतें सामने आती थीं, इसलिए पारदर्शिता बढ़ाने के लिए इसको हटाया गया.
पद वही, काम करने का तरीका बदला
सीएम योगी ने कहा कि सरकारी व्यवस्था में पद पहले भी थे और आज भी वही हैं, लेकिन काम करने का तरीका बदला है. उन्होंने कहा कि सरकार ने किसी नए राज्य या जिले से लोगों को लाकर काम नहीं कराया, बल्कि मौजूदा व्यवस्था को अधिक जवाबदेह बनाया गया है.
बता दें जिन सभी अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया गया उनका सिलेक्शन उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा किया गया है. सिलेक्टेड कैंडिडेट्स की नियुक्ति सब-इंस्पेक्टर (कॉन्फिडेंशियल), असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (क्लर्क) और असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (अकाउंट्स) पदों पर की गई है. सभी नियुक्तियां पुलिस विभाग में होंगी.
यह भी पढ़ें- GATE 2027: DigiLocker अकाउंट वेरिफाइड नहीं है तो भी भर सकेंगे फॉर्म, IIT Madras ने बदले नियम...
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं