अगर आप SSC GD कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 2026 की तैयारी कर रहे हैं, तो ये खबर आपके लिए काफी जरूरी है. कर्मचारी चयन आयोग ने 23 फरवरी 2026 से शुरू होने वाली SSC GD परीक्षा को फिलहाल स्थगित कर दिया है. इस भर्ती में कुल 25487 पदों पर भर्ती होनी थी. आयोग की तरफ से 17 फरवरी, 2026 को जारी ऑफिशियल नोटिस में बताया गया है कि कंप्यूटर बेस्ड एग्जाम यानी CBE अब अगली सूचना तक आयोजित नहीं किया जाएगा. ऐसे में देशभर के लाखों उम्मीदवारों को अब नई परीक्षा तारीखों के ऐलान का इंतजार करना होगा. फिलहाल स्टूडेंट्स को सलाह दी गई है कि वो अपनी तैयारी जारी रखें और नई तारीखों से जुड़ी अपडेट पर नजर बनाए रखें.
किन पदों के लिए होनी थी भर्ती परीक्षा
ये परीक्षा केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPFs), विशेष सुरक्षा बल (SSF) और असम राइफल्स में राइफलमैन GD के पदों पर भर्ती के लिए आयोजित की जानी थी. आयोग का कहना है कि परीक्षा से जुड़ी हर नई अपडेट समय समय पर ऑफिशियल वेबसाइट पर जारी की जाएगी. उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वो सोशल मीडिया पर चल रही किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और केवल ऑफिशियल जानकारी पर ही भरोसा करें.
परीक्षा में नहीं मिलेगा स्लॉट सिलेक्शन का विकल्प
आयोग ने जो नोटिस जारी किया है उसके मुताबिक इस भर्ती परीक्षा में स्लॉट सिलेक्शन की सुविधा नहीं दी जाएगी. परीक्षा शुरू होने से लगभग 8 से 10 दिन पहले उम्मीदवारों को उनके परीक्षा शहर की जानकारी उपलब्ध करा दी जाएगी. इसके अलावा एडमिट कार्ड परीक्षा की तय तारीख से 2 से 3 दिन पहले जारी किए जाएंगे. इसलिए स्टूडेंट्स को सलाह दी गई है कि वो समय समय पर आधिकारिक वेबसाइट चेक करते रहें.
आखिर क्यों टली परीक्षा
हालांकि आयोग ने परीक्षा टलने की कोई साफ वजह नहीं बताई है, लेकिन माना जा रहा है कि परीक्षा केंद्रों की कमी इसके पीछे एक बड़ा कारण हो सकती है. SSC की MTS परीक्षा 4 फरवरी से 19 फरवरी तक आयोजित की जा रही है और कुछ केंद्रों पर परीक्षा रद्द होने के बाद 23 फरवरी को दोबारा रखी गई थी. ऐसे में परीक्षा केंद्रों की उपलब्धता को लेकर दिक्कत हो सकती थी. फिलहाल परीक्षा टलने से उम्मीदवारों को तैयारी के लिए थोड़ा ज्यादा समय मिल गया है.
ये भी पढ़ें- RBI ने कई शहरों में असिस्टेंट के 650 पदों के लिए मंगाए आवेदन, तुरंत करें अप्लाई
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं