Jobs In Rajasthan : राजस्थान के लाखों युवा अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर है. राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने स्पष्ट कर दिया है कि वरिष्ठ अध्यापक (माध्यमिक शिक्षा विभाग) भर्ती परीक्षा-2025 अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 से 18 जुलाई 2026 तक आयोजित होगी. भर्ती में अब कुल 9,651 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी.
इस भर्ती के लिए 12 लाख 30 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है. आयोग ने बताया कि पहले पदों की संख्या 10,537 कर दी गई थी, लेकिन नियमों के अनुसार मूल पदों में अधिकतम 50 प्रतिशत तक ही वृद्धि संभव होने के कारण संशोधित शुद्धि-पत्र जारी कर कुल पद 9,651 कर दिए गए हैं.
जयपुर खंडपीठ में परीक्षा स्थगित करने और आवेदन प्रक्रिया दोबारा खोलने की मांग को लेकर दायर याचिकाओं पर सुनवाई के दौरान आयोग ने अपना पक्ष रखा. इसके बाद संशोधित शुद्धि-पत्र संख्या 11/2026-27 जारी किया गया. आयोग ने यह भी स्पष्ट किया कि परीक्षा तय कार्यक्रम के अनुसार ही होगी और विज्ञापन की अन्य सभी शर्तें यथावत रहेंगी.
भर्ती में गणित के 2,076, विज्ञान के 2,031, अंग्रेजी के 1,956, हिंदी के 1,577, संस्कृत के 1,323, सामाजिक विज्ञान के 600, उर्दू के 71, पंजाबी के 14, सिंधी के 2 और गुजराती के 1 पद शामिल हैं. वर्गवार पदों का विवरण आयोग जल्द जारी करेगा.'
उल्लेखनीय है कि इस भर्ती का मूल विज्ञापन (संख्या 07/2025-26) पिछले साल 17 जुलाई 2025 को 10 विषयों के कुल 6,500 पदों के लिए जारी किया गया था। इसके लिए 19 अगस्त से 17 सितंबर 2025 तक ऑनलाइन आवेदन लिए गए थे. बाद में माध्यमिक शिक्षा विभाग से प्राप्त प्रस्ताव अनुसार पदों को बढ़ाकर पहले 10,537 किया गया था, जिसे नियमानुसार पुनः संशोधित कर 9,651 किया गया है.
यह भी पढ़ें- 3 अगस्त से 21 अगस्त तक होगा रेलवे ग्रुप D भर्ती CBT एग्जाम, जानें किस दिन आएगी सिटी स्लिप और एडमिट कार्ड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं