बैंक में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए सुनहरा मौका है. पंजाब नेशनल बैंक (PNB) ने लोकल बैंक ऑफिसर (LBO) के 545 पदों पर भर्ती निकाली है. इन पदों के लिए पीएनबी की तरफ से आवेदन मांगे गए हैं. ये भर्ती 'जूनियर मैनेजमेंट ग्रेड स्केल-1 (JMGS-I)' के तहत की जा रही है. बैंकिंग सेक्टर में सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवा PNB की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आइए जानते हैं कि इन पदों के लिए क्या योग्यता मांगी गई है और सैलरी कितनी मिलेगी.
कौन कर सकता है आवेदन?
PNB की इस भर्ती में आवेदन के लिए किसी भी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएट होना अनिवार्य है. रजिस्ट्रेशन के वक्त आपके पास मार्कशीट होनी चाहिए. इसके अलावा किसी भी कमर्शियल बैंक या क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक (RRB) में क्लर्क या ऑफिसर के रूप में कम से कम 1 साल का काम करने का अनुभव होना चाहिए. साथ ही उम्मीदवार को उस राज्य की स्थानीय भाषा पढ़नी, लिखनी और बोलनी आनी चाहिए, जिसके लिए वह आवेदन कर रहा है.
कितनी है आयुसीमा?
इस भर्ती के लिए उम्मीदवार की उम्र 1 जुलाई 2026 तक 20 से 30 साल के बीच होनी चाहिए. आरक्षित वर्गों यानी SC, ST, OBC, PwBD आदि को नियमों के मुताबिक उम्र में छूट दी जाएगी.
इतनी मिलेगी सैलरी
लोकल बैंक ऑफिसर (LBO) के पद पर तैनाती के बाद उम्मीदवारों को 48,480 से लेकर 85,920 तक की बेसिक सैलरी मिलेगी. इसके अलावा महंगाई भत्ता (DA), किराया भत्ता (HRA), मेडिकल इंश्योरेंस और अन्य सरकारी सुविधाएं भी दी जाएंगी. कुछ साल के अनुभव के बाद सैलरी में बड़ा इजाफा हो सकता है.
नोट कर लीजिए ये जरूरी तारीखें
आवेदन शुरू होने की तारीख: 20 जुलाई 2026
आवेदन की आखिरी तारीख: 9 अगस्त 2026
क्या है पूरा प्रोसेस?
- सबसे पहले ऑनलाइन लिखित परीक्षा होगी, जिसमें 150 सवाल पूछे जाएंगे.
- रीजनिंग, कंप्यूटर, डेटा एनालिसिस, इंग्लिश, एप्टीट्यूड और बैंकिंग अवेयरनेस के सवाल परीक्षा में आएंगे और गलत जवाब पर 1/4 नेगेटिव मार्किंग होगी.
- लिखित परीक्षा पास करने के बाद डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन होगा.
- अगर किसी उम्मीदवार ने 10वीं या 12वीं में संबंधित राज्य की स्थानीय भाषा नहीं पढ़ी है, तो उसे इसका टेस्ट पास करना होगा.
- शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों का 50 अंकों का पर्सनल इंटरव्यू होगा, जिसमें पास होना जरूरी है.
- लिखित परीक्षा और इंटरव्यू के नंबरों के आधार पर मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी.
ये भी पढ़ें - बिना M.Tech के मिलेगा लाखों का सैलरी पैकेज, GATE स्कोर पर ये बड़ी कंपनियां देती हैं नौकरी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं